Delhi Fire News: आजादपुर में लालबाग के पास झुग्गी में फटा सिलिंडर, 18 लोग हुए घायल
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्हें आज सुबह 100 नंबर पर एलपीजी सिलिंडर में आग लगने और कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली। घटना में 18 लोगों के घायल होने की खबर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजादपुर के लालबाग इलाके में रविवार सुबह सिलिंडर बदलने के दौरान जोरदार धमाका हो गया। धमाके में इमारत की तीसरी और दूसरी मंजिल भरभराकर गिर गई। साथ ही आप पास के तीन मकानों को भी नुकसान पहुंचा। तीसरी मंजिल पर मौजूद लोगों के अलावा अन्य तलों और गली में मौजूद 18 लोग घायल हो गए। संकरी गली होने की वजह से लोगों को बाहर निकालने और राहत कार्य मे काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
मलबे में दबे और झुलसे सभी घायलों को बाहर निकालकर बाबू जगजीवन राम और राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायल 15 से 25 फीसदी तक झुलस गए हैं। जबकि एक युवक 40 फीसदी झुलस गया है। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान पप्पू, सुमेद देवी, सोनू, संजीव, राकेश, देवानंद, लाविंदर, रोशन, दिपाशु, जितेन्द्र, पवन, रणजीत, मुन्नी देवी, इरफान, भोला झा, परमीला, रोहित व अनीता के रूप में हुई है। घायलों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। सुबह 10.08 बजे पुलिस को लालबाग मस्जिद के पास सिलिंडर ब्लॉस्ट के बाद एक मकान में आग लगने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां और पुलिस टीम वहां पहुंच गई। पुलिस व दमकल कर्मियों ने देखा कि धमाके से तीसरी और दूसरी मंजिल की छत और दीवार गिर गई है। साथ ही आस पास के घरों के दीवार भी गिर गई है। मलबे के नीचे दबे और झुलसे लोगों को तुरंत बाहर निकालकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 40 फीसदी झुलसे भोला झा को राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। संकरी गली में दमकल कर्मियों ने किसी तरह से पाइप ले जाकर आग पर काबू पाया।
सिलिंडर बदलने के दौरान हुआ विस्फोट
जांच के दौरान पुलिस को पता चला यह हादसा घर की तीसरी मंजिल पर हुआ। तीसरी मंजिल पर रहने वाला पप्पू कुमार गैस सिलिंडर बदलकर उसकी जांच कर रहा था। इसी दौरान सिलिंडर में विस्फोट हो गया। इस वजह से घर की छत और दीवार ढह गई। धमाका इतना जबरदस्त हुआ कि दूसरी मंजिल पर बने चार अन्य घर भी हादसे की चपेट में आ गए। साथ ही मकान के पिछले हिस्से में बने मकान को भी नुकसान हुआ है।
आग की लपटें बाहर तक आई और लोग झुलस गए
एक चश्मदीद ने बताया कि सिलिंडर में विस्फोट होते ही आग की गुब्बार बाहर तक आई और संकरी गली में मौजूद लोग भी इसके चपेट में आकर झुलस गए। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल था। लोग अपनी जान बचाकर इधर उधर भाग रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है। धमाके से आस पास की इमारतें भी चपेट में आई हैं। संबंधित विभाग को जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर 25 से 30 गज में मकान बने हुए हैं। लोगों ने किसी तरह से दो से तीन मंजिल बना रखा है। धमाका होने के बाद मकान ताश के पत्ते की तरह भरभराकर गिर गया। यहां रहने वाले ज्यादातर लोग रेहड़ी पटरी लगाते हैं।