दो जिंदगियों का अंत: 23 की उम्र के युवक ने 42 साल की महिला की ली जान, जिम में हुई थी दोस्ती, मोबाइल खोलेगा राज
शुरुआती जांच में पता चला है कि मृत महिला और आरोपी एक दूसरे को जानते थे और कुछ साल पहले एक जिम में जाते थे। पुलिस दोनों के परिवार वालों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के डाबड़ी इलाके में गुरुवार रात हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने घर की छत पर जाकर खुदकुशी कर ली। हत्या के बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरे और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसके घर पहुंची थी। पता चला कि आरोपी ने घर की छत पर खुद को गोली मार ली है। पुलिस उसे पास के अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि मृत महिला और आरोपी एक दूसरे को जानते थे और कुछ साल पहले एक जिम में जाते थे। पुलिस दोनों के परिवार वालों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। मृतका की शिनाख्त 42 साल की रेणू गोयल के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान 23 साल के आशीष के रूप में हुई है।
दो बच्चों के साथ वैशाली में रहती थी रेणू
रेणू अपने पति डीपी गोयल और दो बच्चों के साथ वैशाली इलाके में रहती थी। उसके पति का प्रॉपर्टी का कारोबार है। वहीं, रेणू गृहणी थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 8.45 बजे पुलिस को डाबड़ी इलाके में महिला को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर गए हैं।
सीसीटीवी कैमरों से आरोपी की हुई थी पहचान
जहां पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि महिला को मृत घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान करने में जुट गई। पुलिस ने आस पास के सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी की पहचान आशीष के रूप में की। आशीष अपने परिवार के साथ रेणू के घर से कुछ दूरी पर अपने माता-पिता के साथ रहता था।
आरोपी आशीष ने घर की छत पर खुद को मारी गोली
पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके घर पहुंची। वहां पता चला कि आरोपी ने घर की छत पर खुद को गोली मार ली है। पुलिस उसे लेकर पास के अस्पताल पहुंची, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि रेणू और आशीष एक दूसरे को जानते थे।
दोनों की जिम में हुई थी मुलाकात
रेणू और आशीष दोनों की एक जिम में मुलाकात हुई थी। कुछ साल पहले तक दोनों एक ही जिम में जाते थे। आशीष ने किस वजह से रेणू की हत्या करने के बाद खुदकुशी की है, इसकी तह तक जाने के लिए पुलिस दोनों के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है। साथ ही दोनों के फोन को कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।