Corona in Delhi: तेजी से पांव पसार रहा कोरोना, बीते 24 घंटे में मिले 1118 नए मामले, 6.5 फीसदी रही संक्रमण दर
दिल्ली में बीते 24 घंटे में कुल 17210 टेस्ट किए गए हैं। इनमें कोरोना के 1118 नए मामले मिले हैं व संक्रमण के चलते दो मरीजों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमण दर 6.5 फीसदी दर्ज की गई है। अब एक्टिव केसों की संख्या तीन हजार के पार 3177 पहुंच गई है।
विस्तार
राजधानी में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में दिल्ली में एक महीने बाद एक हजार से अधिक मामले मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मंगलवार को 17210 टेस्ट किए गए हैं, जिसमें से 1118 नए मरीज मिले। इससे पहले 10 मई को 1118 मरीज मिले थे। हालांकि बीते एक दिन के मुकाबले संक्रमण दर घटकर 6.50 फीसदी रही। सोमवार को संक्रमण दर 7.1 फीसदी दर्ज की गई थी। अब एक्टिव केसों की संख्या तीन हजार के पार 3177 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बीते एक दिन में कोरोना से दो मरीज जिंदगी की जंग हार गए। वहीं, 500 मरीजों ने कोरोना को हराया है। होम आइसोलेशन में मरीजों की संख्या 1910 दर्ज की गई है। बीते दिनों के मुकाबले अस्पतालों में भर्ती मरीजों का आकंड़ा लगातार बढ़ रहा है। इस कड़ी में मंगलवार को भर्ती मरीजों का आंकड़ा 149 दर्ज किया गया है। इसमें से आईसीयू में 48, ऑक्सीजन सपोर्ट पर 48 व वेंटिलेटर पर आठ मरीज भर्ती हैं।
बीते 24 घंटे में 24047 लोगों ने टीके की खुराक ली है। इसमें से 2491 लोगों ने पहली खुराक, 7108 लोगों ने दूसरी खुराक व 14448 लोगों ने एहतियाती खुराक को अपनाया है। अभी तक दिल्ली में 34528975 खुराक लग चुकी हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या तीन हजार को पार करते हुए 3177 पर पहुंच गई है। वहीं, कंटेनमेंट जोन 190 होने के साथ 422 लोगों ने कोविड मदद के लिए कॉल किया है।