45 साल पुरानी दिवाली बाजार की परंपरा: सीएम ने किया उद्घाटन, जनता से की अपील; दृष्टिबाधित युवा चला रहे कैफे
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आज दृष्टिबाधितों के दीपावली बाजार का उद्घाटन किया।
उन्होंने समावेशिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से इस बाजार में पहुंचने की अपील की। इस बाजार से बच्चों और युवाओं को शिक्षा मिलेगी।
विस्तार
दीयों की रोशनी, सजावटी सामान की चमक और हाथों से तैयार खूबसूरत उत्पादों का ऐसा दिवाली बाजार सजा है, जहां दिव्यांगता नहीं बल्कि हुनर पहचान है। ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन पिछले 45 साल से दीवाली पर ये परंपरागत बाजार सजाते आ रहा है। इस बार यहां 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन पर दृष्टिबाधित कारीगरों और युवाओं के हाथों से तैयार सजावटी और उपयोगी सामान खरीदारी के लिए उपलब्ध हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाजार का शुभारंभ किया और विभिन्न स्टॉलों पर जाकर खरीदारी भी की।
इस बाजार की खासियत यहां सजे उत्पादों के साथ उन्हें तैयार करने वाले कारीगर भी हैं। दृष्टिबाधित युवा अपनी मेहनत, रचनात्मकता और कौशल से सजावटी सामान और उपयोगी वस्तुएं तैयार कर रहे हैं। बाजार के जरिये उन्हें अपने उत्पादों के लिए ग्राहक और आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने उत्पादों की सराहना करते हुए दिल्लीवासियों से यहां खरीदारी कर इन कारीगरों का उत्साह बढ़ाने की अपील की। लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन परिसर में सुबह 10.30 बजे से रात 8 बजे, 5 नवंबर तक ये बाजार लगा रहेगा। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम निकटतम मेट्रो स्टेशन है।
आप सभी से अपील करती हूं कि इस दीपावली, हमारी खरीदारी किसी के जीवन में आत्मनिर्भरता का उजाला लेकर आए। आज ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘दिवाली बाजार 2026’ का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला। यह कितना सुंदर प्रयास है कि यहां दृष्टिबाधित भाई-बहनों सहित विभिन्न संस्थाओं को अपने बनाए उत्पाद बेचने का अवसर मिल रहा है और इससे होने वाली आय दृष्टिबाधित बच्चों एवं युवाओं की निःशुल्क शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण में उपयोग की जाएगी। आप सभी से आग्रह है कि 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक इस बाजार में अवश्य आएं, खरीदारी करें और इस नेक प्रयास को प्रोत्साहित करें। ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन को हृदय से साधुवाद। #Diwali2026
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) October 30, 2026
दृष्टिबाधित युवा चला रहे कैफे, मुख्यमंत्री ने किया भोजन
बाजार में खरीदारी के बाद मुख्यमंत्री संस्था के दृष्टिबाधित युवाओं की ओर से संचालित कैफे मस्त पहुंचीं। यहां उन्होंने भोजन किया और युवाओं की कार्यकुशलता की सराहना की। कैफे में युवा खुद भोजन तैयार करने से लेकर ग्राहकों को परोसने और भुगतान का लेन-देन संभालते हैं। यह कैफे संस्था के मल्टी स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके जरिये युवाओं को रोजगारपरक कौशल सिखाया जाता है।
जनसेवा सदन के लिए भी यहीं से होगी खरीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा सदन के लिए भी इस बाजार से सजावटी और उपयोगी सामान खरीदा जाएगा। सरकार दिव्यांगजनों के लिए सुगम बुनियादी ढांचा और समान अवसर देने की दिशा में काम कर रही है।