{"_id":"61e52ad079534203040e00c0","slug":"delhi-cm-arvind-kejriwal-flags-off-electric-bus-as-public-transport-in-delhi-also-reply-to-anil-vij-on-blaming-for-corona","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रदूषण के खिलाफ जंग में दिल्ली सरकार का एक और कदम: सीएम केजरीवाल ने इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रदूषण के खिलाफ जंग में दिल्ली सरकार का एक और कदम: सीएम केजरीवाल ने इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
Mon, 17 Jan 2022 02:15 PM IST
पूजा त्रिपाठी
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: पूजा त्रिपाठी
Updated Mon, 17 Jan 2022 02:15 PM IST
सार
परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि डीटीसी की पहली इलेक्ट्रिक बस को मुख्यमंत्री ने जनता को समर्पित किया। पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ ही हम दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय सुगम परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए कटिबद्ध हैं।
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल ने ई-बस को दिखाई हरी झंडी
- फोटो : एएनआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में सोमवार को एक नए युग की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आईपी डिपो से पहली इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि अब दिल्ली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बस चलने लगी हैं। डीटीसी के बेड़े में 300 इलेक्ट्रिक बसें अप्रैल तक शामिल की जाएंगी। इससे दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रित करने सहित दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
विज्ञापन
सीएम केजरीवाल ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में 2000 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें लाने का हमारा लक्ष्य है। 2011 के बाद डीटीसी के बेड़े में शामिल पहली बस के इलेक्ट्रिक होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नए युग की शुरुआत है। दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि आप भी अपने वाहन को इलेक्ट्रिक में स्विच कर प्रदूषण के खिलाफ इस जंग में अपना योगदान जरूर दें।
विज्ञापन
बस के अंदर यात्री सुविधाओं का किया मुआयना
मौके पर मौजूद परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि डीटीसी की पहली इलेक्ट्रिक बस को मुख्यमंत्री ने जनता को समर्पित किया। पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ ही हम दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय सुगम परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए कटिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डीटीसी की पहली इलेक्ट्रिक (वातानुकुलित) बस का उदघाटन किया। यह बस रूट संख्या ई-44 पर आईपी डिपो से सर्कुलर सेवा के तौर पर रोजाना सुबह 5:30 बजे से रात 8:20 बजे के बीच आईपी डिपो से उपलब्ध रहेगी। इस मौके पर परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और दिल्ली परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थ्ति थे। उदघाटन से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के साथ बस के अंदर यात्री सुविधाओं का मुआयना भी किया गया।
विज्ञापन
इन जगहों से होकर गुजरेगी सकुर्लर ई-बस सेवा
दिल्ली की पहली इलेक्ट्रिक बस आईपी डिपो से आईटीओ, एजीसीआर, तिलक मार्ग, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, कनॉट प्लेस, जनपथ, राजेश पायलट रोड, पृथ्वीराज रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग, रिंग रोड, साउथ एक्सटेंशन, आश्रम, भोगल, जंगपुरा, इंडिया गेट, हाई कोर्ट और प्रगति मैदान होकर गुजरेगी। इस बीच कुछ मेट्रो स्टेशन भी होंगे ताकि यात्रियों को बस-मेट्रो सेवाओं का साथ साथ इस्तेमाल करने का मौका मिल सके।
अप्रैल तक 300 बसें आएंगी, अगले कुछ वर्षों में 2000 अतिरिक्त ई बसें होंगी शामिल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की पहली इलेक्ट्रिक बस सड़क पर उतरी है। यह दिन कई मायनों में बहुत महत्वपूर्ण है। इलेक्ट्रिक बस के साथ दिल्ली के परिवहन क्षेत्र में एक नए युग की शुरूआत हुई है। आने वाले वर्षों के अंदर जैसे-जैसे पुरानी बसें हटती जाएंगी, नई इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की सड़कों पर उतारी जाएंगी। प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में यह एक अहम कदम है। इन बसों से न तो आवाज आती है और न ही धुंआ निकलता है। हमें उम्मीद है कि अप्रैल तक 300 बसें आ जाएंगी। हमारा लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में 2000 और इलेक्ट्रिक बसें लाने का है।
11 साल बाद डीटीसी के बेड़े में पहली बस हुई शामिल: केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2011 के बाद, डीटीसी के बेड़े में एक भी नई बसें शामिल नहीं हुई थी। कुछ न कुछ ग्रहण लगा हुआ था। जब भी कोशिश की जा रही थी, रास्ते में अड़चनें आ जाती थीं। मैं समझता हूं कि 2011 के बाद आज डीटीसी की बेड़े में पहली बस आ गई है। यह बस क्लस्टर के बेड़े में शामिल नहीं है। यह बस पूरी तरह से डीटीसी के अधिकार क्षेत्र में है। हमने हवन यज्ञ करते हुए भगवान से प्रार्थना की है। मैं समझता हूं कि अब यह ग्रहण खत्म होगा और अब डीटीसी के अंदर और नई बसें आएंगी। इस बस की बैटरी एक से डेढ़ घंटे में पूरी तरह चार्ज होती हैं, इसके बाद बस करीब 120 किलोमीटर तक चल सकती है। सभी डिपो में उन सभी में चार्जिंग की व्यवस्था की जा रही है।
पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवा के लिए सरकार कटिबद्ध: गहलोत
सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर सभी दिल्लीवासियों को इसके लिए बधाई दी। डीटीसी के बेड़े में जल्द ही 300 इलेक्ट्रिक बसें जुड़ेंगी। आप भी अपने वाहन को इलेक्ट्रिक में स्विच कर प्रदूषण के खिलाफ इस जंग में अपना योगदान जरूर दें। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने भी ट्वीट कर कहा कि हम सभी के लिए यह अपार हर्ष का क्षण है। डीटीसी की पहली इलेक्ट्रिक बस को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता को समर्पित किया। पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ ही हम दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय सुगम परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए कटिबद्ध हैं।
इलेक्ट्रिक बस की विशेषताएं
दिल्ली में पहली इलेक्ट्रिक बस अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इस बस से शून्य टेल पाइप उत्सर्जन होता है और यह 100 फीसदी इलेक्ट्रिक हैं। यह बस उन 300 इलेक्ट्रिक बसों में शामिल हैं, जिन्हें डीटीसी के तहत आने वाले दिनों में शामिल किया जाएगा। 300 बसें मुंडेला कलां (100 बसें), राजघाट (50) और रोहिणी सेक्टर-37 (150 बसें) डिपो से चलेंगी। बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए घुटनों के बल चलने वाले रैंप की सुविधा सहित महिला यात्रियों के लिए गुलाबी सीटें हैं। ई-बस सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं, जो कश्मीरी गेट के सेंट्रल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (सीसीसी) से जुड़ी हुई हैं। प्रत्येक बस में 10 पैनिक बटन के साथ साथ एक हूटर भी है। यह पहली प्रोटोटाइप बस आईपी डिपो से 27 किमी लंबे रूट पर चलेगी। यह बस एक बार चार्ज करने पर कम से कम 120 किलोमीटर तक चलेगी और करीब 1.5 घंटे में फुल चार्ज हो जाएगी।
दिल्ली में पहली बार सड़कों पर दौड़ रहीं 6900 बसें
केजरीवाल सरकार दिल्लीवासियो की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखते हुए अपनी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है। अपनी सार्वजनिक बस प्रणाली का सरकार ने काफी विस्तार किया है। वर्तमान में दिल्ली की सड़कों पर लगभग 6900 बसें चल रही हैं। इनमें लो फ्लोर और स्टैंडर्ड फ्लोर एसी और नॉन एसी बसें शामिल हैं। दिल्ली में यह पहला मौका है जब परिवहन बेड़े में बसों की संख्या करीब 6900 है। पुरानी बसें हटने के बाद क्लस्टर में 450 और नई बसें जोड़ी जा रही हैं।
गूगल मैप पर बसों को ट्रैक कर बुक कर सकते हैं टिकट
दिल्ली सरकार की ओर से संचालित बसों का बेड़ा गूगल मैप पर है। दिल्लीवासी कभी भी अपनी यात्रा की योजना बनाकर, बसों को ट्रैक कर सकते हैं। एक मिनट से भी कम समय में टिकट बुक करने के लिए वन दिल्ली एप का उपयोग कर सकता है। दिल्ली सरकार सभी डिपो को इलेक्ट्रिक में बदल रही है। दिल्ली में पहले से ही 5 और डिपो बन रहे हैं। डीटीसी इलेक्ट्रिक बसों के लिए मुंडेला कलां, रोहिणी और राजघाट, रोहिणी सेक्टर-37, बुराड़ी शामिल हैं। क्लस्टर योजना के तहत 330 इलेक्ट्रिक बसों के लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है। दिल्ली सरकार के पास हरि नगर एक और दो के अलावा वसंत विहार में मल्टी लेवल बस पार्किंग सुविधाएं भी हैं।