बच्चों के सामने गैंगरेप के बाद हुई मां की हत्या?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के मानसरोवर पार्क इलाके में 26 साल की महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई। उसकी शिनाख्त नीतू के रूप में हुई है। बुधवार देर रात घर से चंद कदमों की दूरी पर एक निर्माणाधीन इमारत में उसका शव गद्दे और प्लास्टिक की तिरपाल में अर्द्धनग्न हालत में मिला। उसके गले और पेट पर धारदार हथियार के निशान थे।
शव के पास ही 13 बीयर की बोतलें, नमकीन और तीन लोगों की शर्ट (कमीज) बरामद हुई है। पुलिस आशंका जता रही है कि हत्या करने से पूर्व महिला के साथ गैंगरेप हुआ। वारदात के बाद से बिल्डिंग का गार्ड फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक नीतू अपने परिवार के साथ गली नंबर-9, दुर्गापुरी में रहती थी। उसके परिवार में पति सलमान उर्फ भूरे, दो बेटे समीर (4) व सात माह का राहुल है। सलमान ऑटो चलाता है।
करीब आठ साल पूर्व नीतू ने सलमान से घर वालों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। बुधवार सुबह सलमान अपना ऑटो लेकर चला गया। शाम को नीतू की मां भगवती उसके घर पहुंची तो वह उसे नहीं मिली।
क्या बच्चों के सामने हुई मां से हैवानियत?
इस बीच पड़ोसियों ने बताया कि नीतू के दोनों बच्चे नंबर-10 में एक दुकानदार के पास मिले हैं। फौरन भगवती बच्चों को घर ले आई। रात आठ बजे के करीब सलमान भी घर आ गया। परिवार नीतू को तलाश करता रहा।
इधर रात 11 बजे गली नंबर-10 के निर्माणाधीन मकान से पुलिस को महिला की अर्द्धनग्न हालत में लाश मिली। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर रात परिवार नीतू की तलाश करने के बाद उसकी गुमशुदगी लिखाने थाने पहुंचा तो तब महिला के शव की पहचान नीतू के रूप में हुई।
पुलिस आशंका जता रही है कि हत्या के समय बच्चे नीतू के साथ थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बच्चों को पड़ोस की दुकान के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस बिल्डिंग के गार्ड समेत अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस, उसके पति सलमान से भी पूछताछ रही है। शुक्रवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम होगा। उसके बाद ही पता चल पाएगा कि उसके साथ गैंगरेप हुआ है या नहीं।