एंजलिना जोली की इस मूवी से प्रभावित होकर करते थे चोरी, पुलिस के हत्थे यूं चढ़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के एएटीएस (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड) ने वाहन चोरों के एक ऐसे गैंग को दबोचा है जो हॉलीवुड मूवी 'गोन इन 60 सेकेंड्स’ से प्रभावित होकर वारदात को अंजाम देते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनप्रीत उर्फ मोनू (25) और सुमित उर्फ सोनू सुक्का (18) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 22 बाइक बरामद की हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया है कि वह हाल ही में जेल से छुटकर आए थे। दोनों आरोपी चोरी के माल से एक ऑटो खरीदने के चक्कर में थे, जिससे वह शराब और गांजे की तस्करी कर सकें।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले का वाहन चोरी निरोधक दस्ता जेल से जमानत पर छुटकर आए अपराधियों पर नजर रख रहा था।
मामले की छानबीन एसीपी केपी सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर लव अत्री और एसआई राकेश कुमार की टीम कर रही थी। इसी दौरान शनिवार को सिपाही सूर्य देव को सूचना मिली कि वाहन चोर मनमीत और सुमित आउटर रिंग रोड कालकाजी मंदिर के पास आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक बरामद हुई। बदमाशों ने इसको गोविंदपुरी से चोरी किया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों से चोरी की 21 और बाइक बरामद की।
आरोपियों ने बताया है कि उन्होंने 50-60 बाइक चोरी करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने बरामद बाइकों के चोरी के 17 मामलों से जोड़ भी लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
दो माह पूर्व जेल से छुटकर आए हैं आरोपी...
पूछताछ के दौरान सुमित व मनमीत ने बताया कि दोनों एक दूसरे को पिछले चार सालों से जानते हैं। जब सुमित महज 14 साल का था, तभी से उसने वाहन चोरी शुरू कर दी थी। यही वजह है कि दोनों अक्सर अंदर बाहर होते रहे।
सुमित 31 अक्तूबर 2017 को जेल से छुटकर आया था। वहीं उस समय मनमीत जेल में बंद था। सुमित ने उसका इंतजार किया। 21 नवंबर 2017 को मनमीत जेल छुटा तो दोनों ने वाहन चोरी शुरू कर दिया। दोनों का दावा है कि वह रोजाना एक बाइक चोरी करने का टारगेट रखते थे। वाहन चोरी कर उसे सूनसान जगह पर खड़ा कर दिया जाता था।
शराब व गांजे की तस्करी के लिए खरीदना चाहते थे ऑटो...
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया है कि वह चोरी की बाइकों को बेचकर उससे ऑटो खरीदना चाहते थे। उनकी योजना था कि दिन में उसे किराए पर देकर रुपये मिलेंगे।
वहीं रात के समय उससे शराब व गांजे की तस्करी की जाएगी। बाइकों को इकट्ठा कर उनकी दूसरे राज्यों के चोरी की बाइक खरीदारों से बात चल रही थी। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
हॉलीवुड मूवी 'गोन इन 60 सेकेंड्स’ से प्रभावित थे आरोपी...
दोनों आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया है कि हॉलीवुड मूवी %गोन इन 60 सेकेंड्स’ से प्रभावित होकर दोनों आरोपियों ने बाइक चोरी की वारदातों को शुरू किया। आरोपी हिन्दी में डब हुई हॉलीवुड मूवी देखते थे।
कुछ फिल्मों में चोरी करने के नए-नए तरीकों से आरोपी प्रभावित थे। आरोपियों ने बताया कि %गोन इन 60 सेकेंड्स’ मूवी में मुख्य किरदार महज एक मिनट के भीतर अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी कर लेता था।