भाई की मौत का बदला लेने के लिए इंजीनियर से बन गया हत्यारा
रणदीप भाटी गैंग के शूटर व पांच हजार रुपये के इनामी अमित दायमा उर्फ गुड्डू गुर्जर को एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डाबरा से डाढ़ा जाने वाले रास्ते पर उसे तमंचे और कारतूस के साथ दबोचा।
अमित का भाई राजीव एथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी था। वर्ष 1996 में उसकी हत्या हो गई थी। इसका बदला लेने के लिए उसने अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। बुआ के बेटे योगेश ने मदद की। उसने अपने भाई की हत्या का बदला भी ले लिया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि इकोटेक थाना प्रभारी और एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी अजय शर्मा व टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह अमित को गिरफ्तार किया।
पुरानी रंजिश में आकर की थी हत्या
वह मूलरूप से ग्राम निम्वाली, जिला बागपत और थाना कोटपुतली जिला जयपुर का निवासी है। वर्ष 1993 में उसने दिल्ली के पूसा से इलेक्ट्रानिक इंजीनियर की थी।
इसके बाद वह बागपत आकर प्रॉपर्टी डीलिंग करने लगा। पुरानी रंजिश में आकर 1997 में उसने बागपत में देशा की हत्या की थी। इसके बाद रणदीप भाटी और योगेश डाबरा गैंग से जुड़ गया।
योगेश रिश्ते में उसकी बुआ का बेटा है। वर्ष 2014 में दनकौर क्षेत्र में एक और हत्या की थी। वह दो वर्षों से फरार चल रहा था। दोनों जिलों में उस पर कई धाराओं में पांच से अधिक मामले दर्ज हैं।