दो साल की बेटी की कनपटी पर पिस्टल रखकर पुलसिकर्मी से लूट
दक्षिण दिल्ली के पॉश साउथ एक्स पार्ट-1 इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने गोद में मौजूद दो साल की बेटी की कनपटी पर पिस्टल रखकर दिल्ली पुलिस कर्मी को लूट लिया।
बदमाश उससे सोने की चेन, कड़ा और अंगूठी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित पुलिसकर्मी शनिवार रात बेटी को आईस्क्रीम दिलवाने के लिए घर से बाहर आए थे। वारदात के बाद पीड़ित की शिकायत पर हौजखास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से छानबीन कर रही है।पुलिस के मुताबिक पीड़ित हेमंत कुमार अपने परिवार के साथ पुलिस कालोनी, एंड्रयूज गंज में रहता है।
कड़ा और अंगूठी लूटकर हुए फरार
वह दरियागंज स्थित डीसीपी ऑफिस में कार्यरत है। शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपनी बाइक से बेटी को आईस्क्रीम दिलवाने के लिए अगस्त क्रांति मार्ग, आयुर्विज्ञान नगर आए थे।
बाइक से उतरकर हेमंत आईस्क्रीम वाले के पास जाने लगे। इस बीच बस के पास बाइक सवार बदमाशों ने हेमंत को घेर लिया। इससे पहले कि हेमंत कुछ कर पाते एक बदमाश ने तमंचा निकालकर हेमंत की बेटी की कनपटी पर रख दिया।
बदमाशों ने बेटी को गोली मारने की धमकी देकर हेमंत के पहने हुए जेवरात लूटे और मौके से फरार हो गए।हेमंत ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची हौजखास थाना पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।