कतर एयरलाइंस का पायलट गिरफ्तार, होटल में युवती से की अश्लील हरकत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली जिले की चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मुंबई की युवती के साथ छेड़छाड़ के आरोप में कतर एयरलाइंस के पायलट को गिरफ्तार किया है।दिल्ली के चाणक्यपुरी के होटल में युवती के साथ छेड़छाड़ हुई थी।
पुलिस ने पायलट के खिलाफ एलओसी (लुकआउट सर्कुलर) जारी कर रखा था। पायलट जब फ्लाइट लेकर चेन्नई एयरपोर्ट पर पहुंचा तो वहां उसे रोक कर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार घाटकोपर, पश्चिमी मुंबई में रहने वाली मोनिका (27, बदला हुआ नाम) पेशे से पत्रकार है। मोनिका चाणक्यपुरी स्थित आईटीसी होटल मौर्या में 26 अगस्त, 2015 को आई थी।
रिसेप्शन पर अचानक विदेशी व्यक्ति ने की छेड़छाड़
जब होटल के रिसेप्शन पर खड़ी तभी एक विदेशी व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोपी उसके पीछे पड़ गया और उससे उल्टे-सीधे सवाल पूछता रहा। वह काफी देर तक युवती के साथ छेड़छाड़ करता रहा।
मोनिका ने इसकी जानकारी होटल स्टाफ को दी थी। होटल स्टाफ ने उसे सुरक्षित कमरे तक पहुंचाया था। होटल स्टाफ ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। आरोपी की
पहचान कतर एयरलाइंस के पायलट फयाज एएच के रूप में हुई। इस मामले में पुलिस ने वेश्यावृत्ति रैकेट के कोण को लेकर भी जांच की थी।
दिल्ली पुलिस ने पायलट के खिलाफ जारी किया था एलओसी
वारदात के बाद से ही आरोपी पायलट फरार हो गया था। चाणक्यपुरी थाना पुलिस छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर तफ्तीश कर रही थी। आरोपी पायलट 19 जून को चेन्नई एयरपोर्ट पर फ्लाइट लेकर पहुंचा तो चेन्नई पुलिस ने उसे रोक लिया ।
उसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। चाणक्यपुरी थाना पुलिस आरोपी पायलट को चेन्नई से दिल्ली लेकर आई। दिल्ली लाकर पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि गिरफ्तार करने के बाद पायलट को जमानत पर रिहा कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने गृहमंत्रालय के जरिये कतर एंबेसी को जानकारी दे दी थी।