हथियारबंद महिलाओं ने महिला की गर्दन पर रखा चाकू, कानों के कुंडल लेकर हुईं फरार
राजधानी में अब तक लूटपाट और अन्य आपराधिक वारदातों में पुरुषों का नाम सामने आता था लेकिन जहांगीरपुरी इलाके में दो हथियारबंद महिलाओं ने एक अन्य महिला की गर्दन पर चाकू रखकर उसे लूट लिया।
घटना से बुरी तरह डरी महिला किसी तरह अपने घर पहुंची। परिजनों की मदद से मामले की सूचना पुलिस को दी गई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से सराय, खतौली, मुजफ्फरनगर, यूपी की रहने वाली पीड़िता सन्नो (26) अपने परिवार के साथ बी-ब्लॉक जहांगीरपुरी में रहती है।
परिजनों की मदद से दी पुलिस को सूचना
मंगलवार दोपहर को वह घर के नजदीक सरकारी स्कूल से अपने बच्चे को लेने गई थी। इस बीच बी-ब्लॉक मार्केट में अचानक बारिश होने लगी।
सन्नो वहीं एक बंद दुकान के शेड के नीचे खड़ी हो गई। इसी दौरान दो महिलाएं वहां पहुंची।
एक महिला ने चाकू निकालकर सन्नो के गले पर रख दिया। चुप रहने की धमकी देकर सन्नो के कानों से कुंडल लूट लिये। बाद में दोनों मौके से फरार हो गईं।