सस्ता सोना दिलाने के नाम पर 12.75 लाख की ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फरीदाबाद में भतीजी की शादी के लिए गहने खरीदने की तैयारी कर रहे प्रॉपर्टी डीलर को सस्ती दर पर सोना दिलाने के नाम पर उनकेसुनार दोस्त ने 12.75 लाख रुपये ठग लिए।
पुलिस ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया तो पीड़ित ने न्यायालय में गुहार लगाई। न्यायालय के आदेश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 19 निवासी जगबीर प्रॉपर्टी डीलर हैं। भीष्म कॉलोनी निवासी स्वर्णकार गुलशन धवन से उनका परिचय पिछले दस साल से है। जगबीर के मुताबिक 17 दिसंबर 2016 को उनकी भतीजी की शादी होनी थी। उन्होंने स्वर्णकार दोस्त से आधा किलोग्राम सोने के गहने बनवाने को कहा। उनका आरोप है कि गुलशन धवन ने इतना सोना काफी कम दर पर देने का प्रलोभन दिया।
18 अक्टूबर 2016 को गुलशन धवन, सुरेंद्र गोयल नाम के व्यक्ति के साथ उनके पास आया। दोनों ने उन्हें एक सोने का बिस्कुट दिखाया। 100 ग्राम के बिस्कुट पर स्विटजरलैंड गुदा हुआ था। उन लोगों ने बताया कि इस मार्का का 100 प्रतिशत सोना वह उन्हें 25,500 रुपये प्रति तोला की दर से दिलवाएंगे। इन लोगों ने इसमें अपना कमीशन 1500 रुपये प्रति तोला बताया। जगबीर ने इन लोगों से एक दो दिन का समय मांगा।
22 अक्टूबर 2016 को गुलशन धवन अपने साथ सुरेंद्र गोयल, रोहित गोयल और वरुण चौधरी को भी लाया। चारों ने मिलकर उन्हें सोना खरीदने के लिए तैयार कर लिया। इन लोगों ने उनसे 10 लाख रुपये पेशगी भी ले ली। इसके बाद सोने की डिलीवरी मुुंबई में किए जाने की बात तय हुई। 23 अक्टूबर को वह मुंबई पहुंच गए। यहां चारों लोगों ने जुहू बीच पर नीरज नाम के व्यक्ति से उन्हें मिलवाया।
उसने दूसरे दिन सोने की डिलीवरी देने का वादा किया। इसके बाद चारों ने उनसे बचे हुए 2.75 हजार रुपये भी ले लिए। दूसरे दिन जब वह सोना लेने पहुंचे, तो नीरज नाम के युवक ने बताया कि पुलिस की वजह से कुछ समस्या है। इस पर चारों ने उन्हें वापस लौट जाने की सलाह देते हुए कहा कि वह जल्द ही फरीदाबाद में उन्हें सोना देंगे। इसके बाद से सबने उनका फोन उठाना बंद कर दिया।
भतीजी की शादी करीब आने पर उन्होंने गुलशन धवन से संपर्क किया तो वह बहाने बनाता रहा। उन्होंने सोना नहीं मिलने पर रकम वापस करने को कहा, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। जगबीर का आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएचओ ओल्ड थाना इंस्पेक्टर कैलाश ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।