दिल्ली में घाटे से तंग व्यापारी ने मेट्रो के आगे कूदकर दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शाहदरा मेट्रो स्टेशन पर बृहस्पतिवार सुबह गोल्ड कारोबारी ने मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसकी शिनाख्त मनोज कुमार वर्मा (45) के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
शुरूआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि कारोबारी में नुकसान के कारण मनोज डिप्रेशन में था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मनोज का शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक मनोज कुमार परिवार के साथ बी-34, ज्योति कॉलोनी, दुर्गापुरी चौक, शाहदरा में रहता था। इसके परिवार में पत्नी दो बच्चे व दो भाई हैं। मनोज व उसके दोनों भाइयों की चांदनी चौक इलाके में दुकान है। इनका कमीशन पर गोल्ड बेचने का कारोबार है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:00 बजे मनोज घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था।
मौके पर ही हो गई मौत
इसके बाद वह सीधा मेट्रो स्टेशन पहुंचा। यहां दिलशाद गार्डन से रिठाला की ओर जाने वाली प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर जैसे ही मेट्रो ट्रेन आई मनोज ने छलांग लगा दी। मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मनोज के बड़े भाई प्रदीप वर्मा इसे हादसा बता रहे हैं। उनका कहना था कि हादसे से पूर्व उनका भाई फोन पर किसी से बात कर रहा था। जैसे ही ट्रेन आई उसका पैर फिसल गया। वहीं छानबीन के बाद पुलिस मनोज की मौत को आर्थिक नुकसान के बाद डिप्रेशन में आत्महत्या बता रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मनोज की मौत को सुसाइड बता रही है।
पुलिस का कहना है फुटेज में साफ दिख रहा है कि उसने सुसाइड किया। पुलिस परिवार से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के कारण दिलशाद गार्डन से रिठाला जाने वाली मेट्रो सुबह 9.53 बजे से 10.12 बजे तक बाधित रही