14 साल की लड़की से गैंगरेप का प्रयास, फाड़े कपड़े
किशोरी के भाई-बहनों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित किशोरी दिमागी रूप से बीमार है। पुलिस ने दोनों आरोपी नाबालिगों को पकड़ लिया है। दोनों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया है।
बुधवार को दोनों को जुबेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया जाएगा।
भाई-बहन को बाहर कर लगा ली कुंडी
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये घटना लाजपत नगर इलाके के जलवायु विहार की है। जलवायु विहार में आईएएस ऑफिसर के फ्लैट्स हैं। इन फ्लैट्स के सर्वेंट क्वाटर में पीड़ित किशोरी रहती है।
सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे किशोरी अपने चार भाई व बहनों के साथ घर में अकेली थी। उसी समय दस वर्षीय और 14 वर्षीय नाबालिग उसके घर में घुस गए। इन्होंने किशोरी के भाई-बहनों को घर से बाहर निकाल लिया और अंदर से कुंडी बंद कर ली। आरोपियों ने किशोरी के कपड़े फाड़ दिए थे और दुष्कर्म का प्रयास किया।
घर के बाहर खड़े पीड़ित किशोरी के भाई-बहनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया था। इससे आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित किशोरी बहुत ज्यादा डर गई थी और उसने अपने भाई-बहनों के साथ खुद को घर के अंदर बंद कर लिया था। शाम के समय मां काम से लौटी तो उन्होंने सारी बात बताई।
पीड़ित किशोरी के परिजनों ने इसकी शिकायत लाजपत नगर थाना पुलिस को की। पुलिस ने पोक्सो व दुष्कर्म के प्रयास मामला दर्जकर दोनों किशोर को पकड़ लिया है। दोनों पीड़ित किशोरी के मोहल्ले में रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी किशोर नशा करते हैं, हालांकि घटना के समय उन्होंने नशा नहीं किया हुआ था।