मुठभेड़ के बाद इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण-पूर्व जिले के स्पेशल स्टाफ ने मुठभेड़ के बाद इनामी बदमाश अकबर उर्फ दानिश को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने पुलिस टीम पर आठ राउंड गोलियां भी चलाई। दो गोलियां पुलिसकर्मियों को लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के कारण पुलिसकर्मी बच गए। गिरफ्तार बदमाश पर दिल्ली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। बदमाश का साथी फरार होने में कामयाब हो गया।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार एसीपी ऑपरेशन सेल केपी सिंह की टीम को चार फरवरी को सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश मूलचंद की तरफ से इरोज होटल के पास से साथी से मिलने गोविंदपुरी जाएगा।
सूचना के बाद एसीपी केपी सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह, एसआई योगेश कुमार, एसआई योगेश कुमार और एसआई जितेंद्र मलिक की विशेष टीम बनाई गई। रात करीब 1.20 बजे पुलिस टीम ने इरोज होटल के पास बेरीकेडिंग लगाकर चेकिंग शुरू की। रात 2.50 बजे बुलेट बाइक पर सवार दो बदमाश आसिफ उर्फ काला और अकबर उर्फ दानिश आए।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन उन्होंने लेफ्ट टर्न लेकर बाइक नेहरू प्लेस में घुसा दी। बीएसईएस ऑफिस के पास पुलिस ने दोनों को घेर लिया। अपने को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दी। बदमाशों ने कुल आठ राउंड गोलियां चलाई थी।
जिसमें एक गोली एसआई योगेश कुमार और एक गोली एएसआई श्यामवीर को गली। बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के कारण दोनों बाल-बाल बच गए। पुलिस ने भी अपने बचाव में पांच राउंड गोलियां चलाई थी।
पुलिस टीम ने आखिर में इनामी बदमाश अकबर उर्फ दानिश (22) को पकड़ लिया। लेकिन उसका साथी आसिफ उर्फ काला भागने में कामयाब हो गया। पुलिस को अकबर के कब्जे से .32 बोर की स्वचालित पिस्टल, पांच कारतूस व चोरी की मोटरसाइकिल मिली है। अकबर के पिता यूपी रोडवेज में ड्राइवर है। इसकी बहन ने सत्ते उर्फ सत्यप्रकाश के गिरोह के और नंद नगरी के घोषित बदमाश आसिफ उर्फ काला से शादी कर रखी है। अकबर ने वर्ष 2013 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था।