पुलिस जीप में आरोपी ने खाया जहर, पत्नी ने लगा दिया ऐसा आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चोरी के मामले में नामजद छांयसा निवासी शिव कुमार उर्फ शिवा ने शनिवार को पकड़े जाने पर पुलिस जीप में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। पूछताछ के लिए कार्यालय ले जा रही पुलिस ने शिवा को आननफानन में सेक्टर 16 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल पहुंची युवक की पत्नी ने सीआईए बड़खल के सब इंस्पेक्टर पर आरोप लगाया कि सब इंस्पेक्टर की नीयत उस पर खराब थी। यह सब इंस्पेक्टर अय्याशी करने के लिए पति से उसकी मांग कर रहा था। छांयसा गांव निवासी शिवा के खिलाफ सूरजकुंड थाने में चोरी का नामजद केस दर्ज है।
मामले की तफ्तीश बड़खल सीआईए कर रही है। शनिवार को सीआईए बड़खल टीम को मुखबिर ने जानकारी दी कि शिवा घर पर है। इस पर टीम ने छापा मारा। टीम को शिवा घर में मिल गया। टीम उसे बैठाकर पूछताछ के लिए बड़खल क्राइम ब्रांच कार्यालय लेकर आ रही थी।
रास्ते में शिवा ने जहरीली गोली अपनी जेब से निकालकर निगल ली। थोड़ी देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, उसने पुलिस कर्मियों को जहर निगलने की जानकारी दी। पुलिस टीम उसे सेक्टर 16 स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंची। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर लिया।
इस संबंध में एसीपी क्राइम राजेश चेची ने बताया कि उनकी जानकारी के मुताबिक शिवा फेरी लगाकर कपड़े बेचता है, इसके साथ वह चोरी, झपटमारी भी करता है। पुलिस बिना किसी इनपुट के किसी के यहां दबिश नहीं देती।
उसे एक मामले में पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था लेकिन वह नही आया इसलिए पुलिस को दबिश देनी पड़ी। पुलिस जब किसी को पकड़ती है तो ऐसे ही अनापशनाप आरोप लगाए जाते हैं।
महिला को पीटने, बच्चे को फेंकने का आरोप
शिवा के जहर खाने की जानकारी होने पर अस्पताल पहुंची पत्नी ने बड़खल सीआईए के सब इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए। महिला के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब दस बजे बड़खल क्राइम ब्रांच का सब इंस्पेक्टर अय्यूब खान अपनी टीम के साथ उनके घर आया था।
टीम पति शिवा को जबरन पकड़ कर गाड़ी में बैठा ले गई। महिला का यह भी आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो पुलिस ने उसे पीटा और बच्चे को भी फेंक दिया। करीब आधा घंटे बाद सूचना मिली कि शिवा ने जहर खा लिया है और वह अस्पताल में भर्ती है।
महिला ने सीआईए के एक सब इंस्पेक्टर पर आरोप लगाया कि उसकी नीयत उस पर खराब थी। सब इंस्पेक्टर शिवा से कहता था कि पत्नी को उसे सौंप दो फिर चाहे चोरी करो या लूट पुलिस को कोई दिक्कत नहीं। फिलहाल शिवा की हालत ठीक है।