17 साल में रेप के बाद मां बन चुकी ये लड़की अब पढ़ना चाहती है ताकि दरिंदे को जवाब दे सके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज भले ही पूरे देश में चंडीगढ़ की उस दस वर्षीय नाबालिग के प्रति सहानुभूति की लहर है जो बलात्कार का शिकार होने के बावजूद बच्चे को जन्म देने के लिए मजबूर हुई। लेकिन कम ही लोगों को याद होगा कि दिल्ली में 17 वर्षीय रेप पीड़िता ने इसी जून में बच्चे को जन्म दिया है। अब वो बच्चे को पालते हुए अपनी पढ़ाई कर रही है और दोषी को सजा दिलाने की लड़ाई भी लड़ रही है।
एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक हिना (बदला हुआ नाम) जब 17 साल की थी तो एक परिचित लालच देकर उसे एक खाली बिल्डिंग में ले गया और वहां उसका रेप किया। उसने रेप का वीडियो क्लिप भी बनाया। तब हिना 9वीं क्लास में पढ़ती थी। खेलने-कूदने और पढ़ने की उम्र में हिना एक बच्चे की मां बन चुकी है और उसकी देखभाल का जिम्मा अकेले उठा रही है।
असल में हिना जब गर्भपात के लिए पहुंची तो उसका गर्भ 20 सप्ताह की सीमा पार कर चुका था। कानूनी तौर पर अब उसका गर्भपात संभव नहीं था। मजबूर हो इसी साल जून में उसने बच्चे को जन्म दिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी दे कई बार किया रेप
लेकिन हिना ने हिम्मत नहीं हारी। अपने बच्चे को छोड़ देने के बजाए उसे ही अपनी हिम्मत बनाने का फैसला किया और दोषी को सजा दिलाने के लिए अब वह कमर कस चुकी है। हिना की कहानी बेहद दर्दनाक है। असल में जिस शख्स ने हिना का रेप किया वह 40 साल का दबंग व्यक्ति था। उसने जुलाई से नवंबर के बीच हिना का कई बार रेप किया।
उसने रेप का वीडियो बना लिया था और लगातार धमकी देता रहता कि अगर उसने किसी के सामने जुबान खोली तो वह वीडियो को वायरल कर देगा। इस दौरान जब वह प्रेग्नेंट हो गई तो उसने अपने मां-बाप को ये बात बताई।
दिसंबर 2016 में हिना के मां-बाप ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तब तक वह तीन महीने की गर्भवती हो चुकी थी। हालांकि पिछले साल अगस्त में ही हिना 18 साल की हो चुकी थी। चूंकि आरोपी ने जुलाई में पहली बार जब उसका रेप किया था तो उसकी उम्र 17 साल थी इस आधार पर उसके खिलाफ पॉस्को (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
गर्भपात के लिए अस्पताल जाते समय किया हमला
केस दर्ज होने के बाद जब हिना अपनी मां के साथ गर्भपात कराने अस्पताल जा रही थी तो उन पर हमला किया गया जिसमें हिना की मां बुरी तरह घायल हो गई। मां के ठीक होने के बाद जब हिना दोबारा अस्पताल गई तो पता चला कि वह गर्भपात की अधिकतम सीमा (20 हफ्ते) पार कर चुकी है और अब बच्चे को जन्म देने के अलावा उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है।
इसके बाद आरोपी के घरवालों ने हिना के मां-बाप के सामने प्रस्ताव रखा कि हिना की शादी अरोपी के साथ करा दें। लेकिन अब हिना के घरवालों ने तय कर लिया था कि दोषी को उसके कर्मों की सजा दिलाने के लिए वो लड़ाई जारी रखेंगे।
दो महीने के अपने बच्चे को गोद में लिए हिना कहती हैं कि अब वो अपनी पढ़ाई फिर से शुरु करना चाहती हैं और अपने पैरों पर खड़े होना चाहती हैं ताकि दोषी को उसके अंजाम तक पहुंचा सके। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस ने उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है।