राजस्व बढ़ाने की तरफ एक कदम: स्पोर्ट्स ट्रेनर को स्कूलों के प्ले ग्राउंड किराये पर देगा निगम, बरसेगा पैसा
दिल्ली की एमसीडी स्कूलों के प्ले ग्राउंड को निगम किराये पर देने की तैयार कर रहा है। स्पोर्ट्स ट्रेनर को किराये पर देकर राजस्व बढ़ाने की तैयारी में एमसीडी लग गई है।
विस्तार
एमसीडी अपने स्कूलों के प्ले ग्राउंड किराये पर देने की तैयारी कर रहा है। इससे न केवल निगम को राजस्व मिलेगा, बल्कि बच्चों को उनकी मर्जी के मुताबिक स्कूल में ही स्पोर्ट्स ट्रेनिंग लेने की सुविधा भी मिल पाएगी। निगम के कई स्कूलों के अपने बड़े आकार के प्ले ग्राउंड हैं। इनमें से ज्यादातर स्कूलों में केवल एक पाली में पढ़ाई होती है, बाकी समय यह प्ले ग्राउंड खाली रहते हैं।
हाल ही में हुई सदन की बैठक में नेता सदन मुकेश गोयल ने मेयर डॉ. शैली ओबरॉय के सामने ये प्रस्ताव रखा है। सदन में निगम आयुक्त के अलावा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसपर शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रस्ताव विभाग में आने पर इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी।
सालों पहले पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने ऐसे ही एक प्रस्ताव को मंजूरी दी थी, जिसमें निगम स्कूलों के भवनों को कोचिंग सेंटर चलाने के लिए किराये पर देने का प्रस्ताव पास किया गया था। इसमें तय किया गया था कि स्कूलों में कोचिंग सेंटर खुलने से पढ़ाई में पिछड़े छात्रों को मदद मिल जाएगी। इनकी पढ़ाई बेहतर होगी और कोचिंग पढ़ने के लिए कहीं दूर नहीं जाना पड़ेगा।
दूसरा, आर्थिक रूप से कमजोर एमसीडी की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, लेकिन निगम की ये योजना लागू नहीं हो पाई। फिलहाल, मौजूदा एमसीडी नेतृत्व ने आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिहाज से ये तैयारी की है।