{"_id":"5eacc2a98ebc3e90972697a6","slug":"corona-victim-succumbed-to-death-in-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में कोरोना पीड़ित ने तड़पकर दम तोड़ा, समय पर नहीं पहुंची एंबुलेंस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में कोरोना पीड़ित ने तड़पकर दम तोड़ा, समय पर नहीं पहुंची एंबुलेंस
Sat, 02 May 2020 06:15 AM IST
दुष्यंत शर्मा
किशन कुमार, नई दिल्ली
किशन कुमार, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 02 May 2020 06:15 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में तीन भाइयों में से एक कोरोना संक्रमित भाई की जान तड़प-तड़पकर चली गई, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। दो भाइयों समेत परिवार के 4 सदस्य वजीराबाद स्थित पुलिस कैंप के आइसोलेशन सेंटर में हैं। वहीं, 11 लोग घर में क्वारंटीन हैं।
विज्ञापन
भजनपुरा के काले राम चौक के पास तीन भाइयों का परिवार एक ही घर में रहता है। सबसे छोटे 45 वर्षीय भाई अपना क्लीनिक चलाते हैं। कोरोना के लक्षण मिलने के बाद 26 अप्रैल को उनका टेस्ट किया गया। 27 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, जिसके बाद उन्हें वजीराबाद के आइसोलेशन सेंटर में भेज दिया गया।
विज्ञापन
इसके बाद 50 वर्षीय उनके बड़े भाई की सांस फूलने के कारण तबीयत 27 अप्रैल को खराब हो गई। परिजनों का कहना है कि वह उन्हें आरएमएल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मरीज को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन वहां उनका कोरोना टेस्ट नहीं किया गया, जिसके बाद वह उन्हें घर लेकर आ गए। 28 अप्रैल को ठीक रहने के बाद 29 अप्रैल की रात उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई।
विज्ञापन
परिजनों का कहना है कि सुबह 8 बजे से उन्होंने प्रशासन को कॉल कर एंबुलेंस की मांग करना शुरू कर दिया था, काफी बार फोन करने पर प्रशासन की ओर से डॉक्टर ने फोन उठाकर मरीज की डिटेल भेजने को कहा। करीब 10 बजे तक भी एंबुलेंस न आती देख जब परिजनों ने पुलिस को कॉल की, तो पुलिस की ओर से कहा गया कि उन्होंने यह जानकारी संबंधित विभाग में साझा कर दी है।
परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस दोपहर 1 बजे पहुंची, तब तक मरीज की तबीयत और बिगड़ चुकी थी। इस बीच जब परिजन उसे एंबुलेंस में ले जाने लगे, तो उसने दम तोड़ दिया। बृहस्पतिवार को जब परिवार के अन्य लोगों की रिपोर्ट आई, तो उसमें मृतक समेत 4 और लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई। इसमें तीसरे भाई, भाभी, भतीजा व भतीजी है, जिनकी उम्र 62, 14, 46 और 20 क्रमश: है।
परिजनों का कहना है कि चार लोगों को वजीराबाद स्थित आइसोलेशन सेंटर में इलाज के लिए रखा गया है। परिजनों का यह भी आरोप है कि शुक्रवार को वजीराबाद शेल्टर में दोपहर में रोटी की जगह सब्जी के साथ ब्रेड दी गई, जिससे पेट भरना भी मुश्किल हो गया। आरोप है कि अभी तक घर को भी सैनिटाइज नहीं किया गया है।