कबड्डी खिलाड़ी की हॉस्टल में दर्दनाक रातें: कोच करता था कुकर्म, मुंह खोलने देता था करियर बर्बाद करने की धमकी
नौ अगस्त की रात वह अपने कमरे में सो रहा था, तभी अचानक उसकी आंख खुली। उसने अपने कोच मुकेश को गलत काम करते देखा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
विस्तार
कंझावला इलाके में स्थित एक कबड्डी एकेडमी में कोचिंग कर रहे दसवीं के छात्र ने अपने कोच पर कुकर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्र की शिकायत पर पुलिस ने कुकर्म और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कोच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की छानबीन कर रही है।
15 साल का पीड़ित किशोर सपरिवार कंझावला इलाके में रहता है और दसवीं कक्षा का छात्र है। उसने बताया कि वह कबड्डी खिलाड़ी बनना चाहता था। इसी साल पांच जुलाई को उसने इलाके में स्थित जेडीपी कबड्डी एकेडमी में दाखिला लिया। वह घर से वहां अभ्यास करने के लिए जाता था। लेकिन अपने परिजनों के कहने पर वह ऐकेडमी के हॉस्टल में रहने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि नौ अगस्त की रात वह अपने कमरे में सो रहा था, तभी अचानक उसकी आंख खुली। उसने अपने कोच मुकेश को गलत काम करते देखा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। करियर बर्बाद करने की भी चेतावनी दी। पीड़ित डर की वजह से चुप रहा। उसका आरोप है कि 30 अगस्त को वह चोट के कारण अभ्यास करने नहीं गया और अपने हॉस्टल के रूम में अकेला आराम कर रहा था।
इस बीच कोच उसके कमरे में आ गया और धमकी देते हुए फिर से कुकर्म किया। उसके बाद से वह डरा सहमा रहने लगा और खाना पीना कम कर दिया। किशोर की हालत देखकर परिवार वाले ने उससे पूछताछ की। काफी पूछताछ करने पर पीड़ित ने अपने परिजनों को सारी बात बताई। उसके बाद पीड़ित के परिवार वाले ने पीड़ित को लेकर कंझावला थाने पहुंचे और घटना की शिकायत पुलिस से की।