Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Chhath Mahaparv: Devotees will offer 'arghya' to the rising sun today

छठ महापर्व: आज उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे श्रद्धालु, चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा होने पर मिलेगा ठेकुआ प्रसाद

Mon, 16 Nov 2026 03:31 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Mon, 16 Nov 2026 03:31 AM IST
सार

चार दिवसीय छठ महापर्व का आज समापन हो जाएगा। श्रद्धालु उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अपना व्रत और अनुष्ठान पूरा करेंगे। दिल्ली में यमुना नदी में विशेष इंतजाम किए गए हैं।

विज्ञापन
Chhath Mahaparv: Devotees will offer 'arghya' to the rising sun today
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालु आज उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद अपना अनुष्ठान पूरा करेंगे। दिल्ली में यमुना नदी समेत तमाम जलाशयों में स्वच्छता के साथ-साथ सभी जरूरी बंदोबस्त किए गए हैं। खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस चार दिवसीय महापर्व में शामिल हो रही हैं। आज उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सभी व्रती अपना निर्जला व्रत समाप्त करेंगे।

विज्ञापन


छठ के लिए बनाए गए घाटों पर प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। इसी के साथ बिहार की संस्कृति से खास तौर पर जुड़े सूर्य उपासना का चार विशेष अनुष्ठान और महापर्व छठ का समापन हो जाएगा। इससे पहले इस महापर्व के तीसरे दिन दिल्ली के तमाम जलाशयों में श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। 
विज्ञापन


आज यमुना घाटों की सुरक्षा में तैनात 28 गोताखोरों की टीमें
छठ महापर्व पर जब यमुना के घाटों पर हजारों श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए नदी में उतरेंगे, उस समय उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी गोताखोरों के कंधों पर होगी। यमुना की गहराई और तेज बहाव के बीच ये गोताखोर हर पल लोगों की जिंदगी बचाने के लिए तैयार रहेंगे। घाट के संवेदनशील स्थानों पर 28 गोताखोरों की टीमें 24 घंटे तैनात की गईं। गोताखोर रफीक ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति पानी में डूबने लगे तो उसे बचाने के लिए बिना सोचे-समझे नदी में छलांग नहीं लगानी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


छठ पर सुबह 4:30 बजे से दौड़ी मेट्रो
छठ महापर्व के चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेट्रो सुबह 4:30 बजे से दौड़ी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने सुबह के समय घाट तक आवाजाही सुगम बनाने के लिए यह फैसला लिया है। आम दिनों में मेट्रो का परिचालन सुबह छह बजे शुरू होता है। सभी टर्मिनल स्टेशनों से डेढ़ घंटे पहले सेवा शुरू होने से सुबह तड़के घाटों पर जाने वाले लोगों को सहूलियत मिली। 

हल्के कुहासे से दिन का होगा स्वागत, गिरेगा पारा
छठ पर्व पर सोमवार सुबह व्रतियों और श्रद्धालुओं को हल्के कुहासे का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, भोर में अधिकतर स्थानों पर हल्का कुहासा छाएगा, जबकि कहीं-कहीं मध्यम स्तर का कोहरा पड़ने की संभावना है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहेगा। 

तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। छठ पर्व पर सोमवार को सूर्योदय सुबह 6:43 बजे होगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में चक्रवाती परिसंचरण का असर बना हुआ है। वहीं, उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात का प्रभाव है। इसके चलते रविवार भोर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें भी पड़ीं।
रविवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। हालांकि, पिछले 24 घंटे में इसमें एक डिग्री की गिरावट आई। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक था। सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ेगा। 

सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर
सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस के जवानों के अलावा होमगार्ड, सिविल डिफेंस और एडीआरएफ की टीमों को भी शामिल किया गया। घाटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये संदिग्ध गतिविधियों और लोगों पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए घाटों पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।

कल घाट के चप्पे-चप्पे पर तैनात रही दिल्ली पुलिस
राजधानी में छठ पूजा के तीसरे दिन घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ अन्य जिलों और इकाइयों से भी अतिरिक्त जवानों को बुलाकर तैनात किया गया था। घाटों के प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर मशीनें लगाई गई थीं, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु को अंदर ले जाने से रोका जा सके। एडीआरएफ की टीम तैनात की गई थी।

राजधानी में सैकड़ों जगह व्रतियों ने की पूजा, मूनक नहर पर उमड़े लोग
यमुना नदी के दोनों किनारों पर स्थित पुराना यमुना पुल, कुदसिया घाट, गीता कॉलोनी, बस अड्डा, चंदगी राम अखाड़ा और वजीराबाद घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसके अलावा भलस्वा झील, जहांगीरपुरी, कालिंदी कुंज, नरेला, उत्तम नगर, डाबड़ी, ककरौला, बदरपुर, सरिता विहार, आश्रम, जैतपुर, संगम विहार, देवली, महरौली, पालम, महावीर एन्क्लेव, इंद्रप्रस्थ एक्सटेंशन, नांगलोई, सुल्तानपुरी और मंगोलपुरी सहित राजधानी के सैकड़ों स्थानों पर छठ पूजा आयोजित की गई। मुनक नहर बनाए गए 11 किलोमीटर लंबे घाट पर भी बड़ी संख्या में व्रती अर्घ्य देने पहुंचे।

कल गीतों के बीच डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...जैसे पारंपरिक छठ गीतों की गूंज के बीच रविवार को राजधानी में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक उस समय देखने को मिली, जब हजारों की संख्या में व्रती और उनके परिजन पूजा की टोकरी लेकर यमुना के घाटों और विभिन्न जलाशयों की ओर निकले। 

पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार के जीरो पुश्ता, ढाई पुश्ता और साढ़े तीन पुश्ता से लेकर वजीराबाद, सिग्नेचर ब्रिज और शकरपुर तक घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देकर व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान कई घाटों पर आतिशबाजी के साथ भंडारे का आयोजन किया गया।

छठ पर्व के तीसरे दिन दोपहर बाद से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना, मौसमी फल तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाटों की ओर रवाना हुए। कई जगह श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ छठ गीत गाते हुए पहुंचे। आज सुबह सूर्योदय के समय व्रती पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसके बाद पूजा संपन्न कर प्रसाद ग्रहण करेंगे और 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इसी के साथ सूर्य उपासना, संयम और लोक आस्था का यह चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो जाएगा।


सीएम ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, सुख-समृद्धि की कामना 
राजधानी में रविवार को छठ महापर्व पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार स्थित यमुना घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। उन्होंने समस्त दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री और सांसद मनोज तिवारी ने बोट से यमुना तट पर बनाए गए छठ घाटों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, स्वच्छता, समर्पण और सामाजिक समरसता का पर्व है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed