ED Chargesheet: संजय भंडारी से जुड़े केस में रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल, मनी लॉन्ड्रिंग का है मामला
प्रवर्तन निदेशालय ने यूके के डिफेंस डीलर संजय भंडारी से जुड़े मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट फाइल कर दी है। ईडी ने चार्जशीट दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल की है। पीएमएलए के तहत वाड्रा का बयान इस साल जुलाई में रिकॉर्ड किया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति और व्यापारी रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश सुशांत चंगोत्रा की अदालत में ब्रिटेन में रह रहे हथियार डीलर संजय भंडारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वाड्रा के खिलाफ नया आरोपपत्र दायर किया है।
ईडी का आरोप है कि विदेशी प्रॉपर्टी और फंड ट्रांसफर के माध्यम से धन को घुमाया गया और संपत्तियां खरीदी गईं। जांच में संजय भंडारी के 2016 में आयकर विभाग द्वारा की गई छापेमारी के दौरान मिले ईमेल और दस्तावेज भी शामिल हैं, जिनमें वाड्रा और उनके सहयोगियों से जुड़े संदिग्ध लिंक पाए गए। इनमें लंदन की एक प्रॉपर्टी का जिक्र है, जिसे भंडारी के बताने पर वाड्रा के निर्देशों के तहत नवीनीकरण कराया गया था।
एजेंसी के अनुसार, वाड्रा का बयान इस साल जुलाई में पीएमएलए के तहत दर्ज किया गया था और जांच में पाया गया कि वाड्रा का भंडारी की विदेश में मौजूद संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से संबंध रहा है। ईडी ने पिछले कई वर्षों में हरियाणा में वाड्रा, भंडारी और उनके करीबी लोगों से जुड़े भूमि सौदों की भी जांच की है। भंडारी 2016 में भारत छोड़कर भाग गया था और बाद में उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया।
एजेंसी ने वाड्रा या उनसे जुड़े संस्थाओं की कई संपत्तियों को भी अटैच किया है, जिन्हें भंडारी के ऑफशोर सौदों से उत्पन्न अवैध धन माना जा रहा है। वाड्रा ने सभी आरोपों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है और दावा किया कि उनकी लंदन में कोई संपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि ईडी द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों की व्याख्या गलत तरीके से की गई है। अदालत अब इस मामले में छह दिसंबर को संज्ञान ले सकती है।
वाड्रा से ईडी ने अप्रैल में तीन दिन लगातार पूछताछ की थी। ये पूछताछ हरियाणा में 2008 की एक जमीन डील में कथित गड़बड़ियों से जुड़े एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी। रॉबर्ट वाड्रा ईडी की जांच के तहत कुल तीन मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में फंसे हुए हैं।
कौन हैं संजय भंडारी?
संजय भंडारी एक हथियार डीलर हैं जो 2016 में दिल्ली में इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी के बाद लंदन भाग गए थे। हाल ही में एक ब्रिटिश अदालत ने भारत सरकार की उस अर्जी को खारिज कर दिया जिसमें भंडारी के प्रत्यर्पण से जुड़े मामले को ब्रिटेन की सुप्रीम कोर्ट में ले जाने की अनुमति मांगी गई थी। इसके बाद भंडारी को भारत लाने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।
ईडी की चार्जशीट में क्या है दावा?
ईडी ने 2023 में इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि भंडारी ने 2009 में लंदन में एक मकान खरीदा और उसे रॉबर्ट वाड्रा के निर्देशानुसार रिनोवेट कराया। एजेंसी का दावा है कि इस रिनोवेशन के लिए पैसा वाड्रा ने दिया था। रॉबर्ट वाड्रा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उनकी लंदन में कोई भी प्रॉपर्टी नहीं है। उन्होंने इन आरोपों लेकर कहा कि उन्हें राजनीतिक मकसद के तहत परेशान किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Delhi Blast: लाल किले के पास धमाका मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार, NIA टीम ने जम्मू-कश्मीर से हिरासत में लिया