App My India : तीन लिंक पर क्लिक कर बिना बाधा लोग पहुंचेंगे परेड देखने, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने किया इंतजाम
इन पर क्लिक करने के बाद आप पार्किंग व सीटों तक बिना बाधा के पहुंच जाएंगे। ये लिंक आपको खुले रूट, पार्किंग स्थल व पिक अप ड्रॉप की बारे में बताएंगे।
विस्तार
अगर आप गणतंत्र दिवस समारोह देखने अपना वाहन लेकर जा रहे हैं तो यातायात पुलिस की वेबसाइट पर दिए गए तीन लिंक पर क्लिक करें। इन पर क्लिक करने के बाद आप पार्किंग व सीटों तक बिना बाधा के पहुंच जाएंगे। ये लिंक आपको खुले रूट, पार्किंग स्थल व पिक अप ड्रॉप की बारे में बताएंगे। दिल्ली यातायात पुलिस पिकअप ड्रॉप पॉलिसी को पहली बार इस्तेमाल कर रही है। यातायात पुलिस ने एप माई इंडिया के साथ जुड़कर व्यवस्था की है।
यातायात पुलिस के नई दिल्ली रेंज के पुलिस उपायुक्त प्रशांत प्रिय गौतम ने बताया कि इससे पहले सीटों के पास ही पार्किंग होती थी। इससे काफी अव्यवस्था फैलती थी। इस बार यातायात पुलिस नई रणनीति अपना रही है। यातायात पुलिस ने हर पार्किंग स्थल के तीन लिंक बनाए हैं। इन लिंक को क्लिक कर लोग समारोह स्थल तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
इसके अलावा मौलाना आजाद रोड (आर/ए सुनहरी मस्जिद से आर/ए मानसिंह रोड तक) पर वाहन की निर्बाध आवाजाही की सुविधा के लिए और डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड (आर/ए जसवंत सिंह से आर/ए रेल भवन तक) समारोह के दौरान यातायात की एकतरफा आवाजाही होगी। इस बार सीटें से पार्किंग स्थल को दूर किया गया है।
लिंक पर ये मिलेगी सुविधा
घर से पिकअप ड्रॉप स्थल पर पहुंचेंगे। यहां से कार आपको छोड़कर पार्किंग स्थल तक ले जाएगी। ये स्थल सीटों के पास रहेगा।
आपको ड्रॉप स्थल से पार्किंग स्थल बताएगा। इसके बाद पार्किंग से पिक अप स्थल तक पहुंचाएगा।
समारोह खत्म होने के बाद लिंक वापस जाने का रूट बताएगा। लिंक उन रास्तों को बताएंगे, जहां जाम नहीं होगा और ट्रैफिक में किसी तरह की बाधा नहीं होगी।
रेलवे स्टेशनों की पार्किंग बंद रहेगी
26 जनवरी को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों की पार्किंग में वाहनों को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। नई दिल्ली ओर जाने वाले सभी मार्ग बंद रहेंगे।
गणतंत्र दिवस परेड : पहली बार बंबई सैपर्स के पुरुष दल का नेतृत्व करेंगी मेजर दिव्या त्यागी
बंबई सैपर्स के लगभग ढाई सौ वर्षों के इतिहास में पहली बार एक महिला अधिकारी गणतंत्र दिवस परेड में अपनी रेजिमेंट की ऐसी टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी, जिसमें सभी पुरुष सदस्य शामिल होंगे। आठ साल पहले कोर ऑफ इंजीनियर्स की 115 इंजीनियर रेजिमेंट में नियुक्त मेजर दिव्या त्यागी (31) के लिए यह एक अनोखी उपलब्धि है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कहा कि मेजर दिव्या उस दल का नेतृत्व करेंगी, जिसमें एक अधिकारी, दो जूनियर कमीशंड अधिकारी और 144 अन्य रैंक के अधिकारी शामिल हैं। एजेंसी
देशभर के 200 से ज्यादा सरपंच बनेंगे गणतंत्र दिवस परेड के विशेष अतिथि
इस बार केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस पर देश के 200 से ज्यादा गांवों के सरपंचों व निर्वाचित प्रतिनिधियों को गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है। पंचायती राज मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि देशभर से पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों और उनके जीवनसाथियों सहित करीब 500 मेहमानों को कर्तव्य पथ पर परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। चयनित प्रतिभागी उन पंचायतों से हैं, जिन्हें पिछले वर्षों में राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार प्राप्त हुआ है, या उनकी पंचायतों ने उल्लेखनीय कार्य किया है। यह पहल पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय उत्सव में शामिल कर लोकतांत्रिक लोकाचार को मजबूत करती है। एजेंसी