मुरादनगर: साली की शादी तय होने से बौखलाया जीजा, तेजाब डालकर जला दिया चेहरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ले में परिवार के साथ सो रही युवती पर शनिवार तड़के उसके जीजा सिराज उर्फ सिराजुद्दीन ने तेजाब डालकर चेहरा जला दिया। युवती की दो माह बाद शादी होनी थी। पीड़िता के चीखने-चिल्लाने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
इसी बीच आरोपी मकान का दरवाजा बाहर से बंद कर भाग गया। परिजनों ने फोन करके दरवाजा खुलवाया। जिसके बाद युवती को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत होने पर उसे गाजियाबाद और फिर दिल्ली रेफर कर दिया गया। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मेरठ निवासी सिराज को गिरफ्तार कर लिया।
मुरादनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ले में एक व्यक्ति अपनी पत्नी, पांच बेटियों और दो बेटों के साथ रहता है। उसकी पत्नी अपनी बेटियों व एक बेटे के साथ सो रही थी। शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक एक बेटी जोर-जोर से चीखने चिल्लाने लगी। परिजनों ने उसे देखा तो होश उड़ गये। उसके चेहरे पर तेजाब डला हुआ था।
चेहरे के साथ-साथ चारपाई के कपड़े भी जल गए थे। परिजन पीड़िता को लेकर अस्पताल जाने लगे, लेकिन गेट पर पहुंचे तो वह बाहर से बंद मिला। इसके बाद परिवार के लोगों में भी चीख पुकार मच गई।
युवती पर एसिड अटैक की सूचना मिलते ही पुलिस में अफरातफरी मच गई। थाना पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी तो अफसरों ने भी मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। एसपी देहात डॉ. इरज राजा, एसएचओ अमित कुमार ने परिजनों से वार्ता कर घटना की जानकारी ली। युवती के आरेपी जीजा को पकड़ लिया गया है।
शादी के लिए दबाव बना रहा था जीजा
छह साल पहले सिराज की शादी युवती की बड़ी बहन से हुई थी। आरोपी के युवती से संबंध बन गए और वह शादी के लिए दबाव बना रहा था। पुलिस के मुताबिक सिराज की पत्नी के बच्चे नहीं हो सकते थे। इसलिए उसने साली से शादी का मन बना लिया।
वहीं, साली के मेरठ में एक अन्य युवक से प्रेम संबंध हो गए। कुछ दिन बाद युवती की शादी हापुड़ में तय हो गई। जिसे लेकर आरोपी जीजा बौखला गया। उसने बदला लेने के लिए युवती पर तेजाब डाल दिया। सिराज गाड़ी चलाता है और शुक्रवार रात दिल्ली से लौटते वकत वह अपने ससुराल पहुंचा। वहां उसने घर में घुसकर तेजाब फेंक दिया।
दिल्ली से खरीदकर लाया था तेजाब
पुलिस-प्रशासन की तमाम सख्ती के बावजूद अनाधिकृत रूप से एसिड की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है। मुरादनगर क्षेत्र में युवती के साथ हुई घटना में भी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया गया। बड़ा सवाल यह है कि पाबंदी के बावजूद एसिड किसी आम व्यक्ति को कैसे मिल गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपी जीजा दिल्ली से एसिड खरीद कर लाया था।
किस तरीके से उसने एसिड खरीदा, उसका पता लगाया जा रहा है। एसपी ग्रामीण डॉ. इरज रजा का कहना है कि आरोपी ने दिल्ली से एसिड खरीदा था। एसिड नियम अनुसार दिया गया है या नहीं इसकी जांच की जा रही है। अगर किसी तरह का झोल मिलता है तो दिल्ली पुलिस को कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाएगा। साथ ही आरोपी विक्रेता को मुरादनगर में दर्ज मुकदमे में शामिल किया जाएगा।