ऑटो चालकों को मनमानी करने पर अब होगी सजा
दिल्ली में ऑटो चालकों की बढ़ती मनमानी और शिकायतों से परेशान परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। परिवहन विभाग ऑटो चालकों की मनमानी करने पर अब उनके फिटनेस सर्टिफिकेट पर रोक लगा देगी।
यह उन ऑटो पर लागू होगा जिसकी शिकायत बार-बार विभाग को मिल रही होगी। विभाग ने इन पर लगाम लगाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डे के आसपास सिविल डिफेंसकर्मियों की भी मदद ले रही है।
परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, ऑटो चालकों के खिलाफ बीते एक माह में शिकायतों की संख्या अचानक बढ़ी है। इसके पीछे वजह बताई जा रही है कि ट्रैफिक पुलिस से चालान काटने का अधिकार छीने जाने से यह स्थिति पैदा हुई है।
फ्लेक्स बोर्ड लिखना पहले से जरूरी
अब ऑटो चालकों की शिकायतें बढ़ी तो परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए फील्ड में इनफोर्समेंट टीम उतारने के साथ पब्लिक नोटिस जारी कर चालकों को सख्त संदेश दिया।
चालकों को पीएसवी बैज, ड्रेस, ओवरचार्जिंग और रिफ्यूजल पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। यही नहीं चालकों से जो घर जाने की बात कहकर जाने से मना कर देते थे उनके लिए फ्लेक्स बोर्ड लिखना अनिवार्य कर दिया है।
मगर अभी भी राजधानी में बेहद कम संख्या में ऑटो यह बोर्ड लगाकर चला रहे हैं। परिवहन विभाग ने अब और सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि अगर एक ऑटो की बार-बार शिकायत मिलती है तो उसका फिटनेस सर्टिफिकेट रोक दिया जाएगा।