लालकिले के पीछे दिखा आस्ट्रेलियाई एमू, पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत से पकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में मंगलवार को लालकिले के पीछे राष्ट्रीय स्मृति स्थल के पास एक आस्ट्रेलियाई एमू पक्षी को सड़क पर भागते देख लोगों का हजूम उमड़ पड़ा। आशंका जताई गई कि यह एमू दिल्ली के चिड़ियाघर से निकलकर आया है। लेकिन चिड़ियाघर प्रशासन ने इस बात से इंकार कर दिया है।
अब आशंका जताई जा रही है कि बाढ़ के पानी में बह कर यमुना के रास्ते एमू दिल्ली पहुंच गया है। इस पक्षी को पकड़ने के लिए पीसीआर कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने पक्षी को वन्य जीव संरक्षण विभाग को सौंप दिया है।
दोपहर में करीब डेढ़ बजे लालकिले के पीछे राष्ट्रीय स्मृति स्थल के पास एक आस्ट्रेलियाई एमू पक्षी को सड़क पर इधर-उधर भागते हुए देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच पास में खड़ी पीसीआर वैन में तैनात पुलिस कर्मियों ने एमू को पकड़ने की कोशिश की तो वह और तेजी से भागने लगा।
इसके बाद पुलिस ने पक्षी को घेर लिया और एक रस्सी के सहारे काबू कर उसे पानी पिलाया। फिर एमू को लालकिला चौकी में ले जाया गया, जहां से सूचना पर पहुंचे वन्य जीव संरक्षण विभाग के कर्मियों को सौंप दिया गया।
प्राथमिक तौर पर पुलिस का कहना है कि बाढ़ में भटककर यह एमू यमुना के रास्ते जंगल से दिल्ली तक पहुंच गया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन का यह भी कहना है कि हो सकता है कि एमू को किसी वाहन में ले जाया जा रहा हो और वह कूदकर सड़क पर आ गया हो।
ऑस्ट्रेलियाई एमू की तस्करी तो नहीं हो रही
इस पक्षी के पालन को लेकर कई राज्यों में बीते वर्षों में तेजी देखी गई है। इस धंधे के फायदे का झांसा देकर तस्कर कई लोगों से ठगी कर चुके हैं। बहरहाल दिल्ली में एमू के लावारिस स्थिति में मिलने पर संशय बरकरार है। शक है कि कहीं दिल्ली में एमू की तस्करी की जा रही है?
बीते वर्षों में तमिलनाडु, केरल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में एमू फार्मिंग के जरिए कुछ ही महीनों में कई लोगों के करोड़पति बनने की खबरें सुर्खियों में रहीं।
इस दौरान इस आस्ट्रेलियाई एमू पालन का झांसा देकर कई लोगों से ठगी का मामला भी सामने आया था। ऐसा माना जाता है कि इस पक्षी के अंडे से कीमती दवाइयां बनाई जाती हैं, जिसके लिए इसकी फार्मिंग को बढ़ावा मिला।
एमू पक्षी का अंडा हजारों रुपये में बिकता है, फिलहाल एमू के एक अंडे का दाम करीब 4 हजार 400 रुपये है, जबकि एमू के एक बच्चे की कीमत 20 हजार रुपए है। एक एमू 60 वर्ष तक जिंदा रह सकता है।
8 माह के एमू पक्षी पैर से चोंच तक 4 फीट से भी ज्यादा लंबा होता है। इस पक्षी के पालन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने भी योजनाएं शुरू की थीं। बहरहाल, दिल्ली में संदिग्ध हालात में एमू के मिलने से तस्करी का शक गहरा रहा है।