Delhi: बेटे की हत्या की धमकी देकर कारोबारी से उगाही का प्रयास, बदमाशों ने मांगी थी 50 लाख की फिरौती
एक बदमाश पीड़ित के पड़ोस में रहता था और वह कारोबारी के घर में लूटपाट करना चाहता था। कामयाब नहीं होने पर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर कारोबारी से उगाही का प्रयास किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के नजफगढ़ थाना पुलिस ने बेटे की हत्या की धमकी देकर एक कारोबारी से पचास लाख की उगाही का प्रयास करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने खुद को नंदू गैंग का बदमाश बताकर पीड़ित को धमकी दी और फिर उससे उगाही का प्रयास किया। एक बदमाश पीड़ित के पड़ोस में रहता था और वह कारोबारी के घर में लूटपाट करना चाहता था। कामयाब नहीं होने पर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर कारोबारी से उगाही का प्रयास किया।
पुलिस इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। नजफगढ़ इलाके में रहने वाले एक कारोबारी ने एक मई को थाने में उगाही की धमकी देने की शिकायत की। उसने बताया कि उसके पास व्हाट्सएप कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को नंदू गैंग का बदमाश बताया। साथ ही कहा कि उन लोगों ने ही बिंदापुर में सुरेंद्र मटियाला की हत्या की है। आरोपी ने कारोबारी से 50 लाख रुपये देने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर उसके बेटे की हत्या करने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने एक टीम गठित की। पुलिस टीम ने बदमाशों के फोन नंबर की जांच शुरू की। तकनीकी जांच में फोन का लोकेशन अयोध्या यूपी में मिली। पुलिस की एक टीम महराजगंज अयोध्या यू.पी. में छापामारी कर गांव देवगरा फैजाबाद उ.प्र निवासी दिव्यांशु को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दिव्यांशु ने बताया कि अभिमन्यु साजिश का मास्टर माइंड है। पुलिस को दिव्यांशु के कब्जे से वह मोबाइल फोन मिला, जिससे कारोबारी से उगाही के लिए कॉल किया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के निशानदेही पर आरोपी अभिमन्यु को धरमपुरा नजफगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ पर अभिमन्यु ने बताया कि उसके खिलाफ बाराबंकी उ.प्र में लूटपाट और चिनहट में चोरी का मामला दर्ज है। उसने बताया कि वह कारोबारी प्रवीण अग्रवाल के घर लूटपाट करना चाहता था। लेकिन इसमें कामयाब नहीं हो पाया। उसे पैसे की जरूरत थी, इसलिए अपने साथी के साथ मिलकर उगाही की योजना बनाई।