पूल पार्टी में बिगड़ा मूड: रात एक बजे DJ बंद कराने गई पुलिस पर हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल; SI की फाड़ी वर्दी
पुलिस की जांच में सामने आया कि अमन नाम के युवक ने स्वीमिंग पूल को किराए पर ले रखा है, वह अक्सर यहां देर रात तक पूल पार्टी कराता है। आसपास के सोसाइटी वाले भी पूल संचालकों से परेशान हैं।
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद सेक्टर-86 में देर रात पूल पार्टी कर रहे युवकों को डीजे बजाने से रोकने पर करीब 20 युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। युवकों ने पुलिस पर पथराव कर सरकारी गाड़ी भी तोड़ दी। आरोपियों ने एसआई की वर्दी फाड़ दी, इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। खेड़ीपुल थाना पुलिस मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
खेड़ीपुल थाने में तैनात एसआई कृष्ण ने शिकायत में बताया कि गुरुवार रात करीब साढ़े बाहर बजे उन्हें सूचना मिली कि सेक्टर-86 स्थित रॉयल स्वीमिंग पूल पर 15-20 लड़के तेज आवाज में डीजे बजाकर पार्टी कर रहे हैं। सभी ने शराब पी रखी है, इससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।
एसआई कृष्ण सिपाही मोहित व एसपीओ महाबीर के साथ मौके पर पहुंचे। यहां देखा कि काफी संख्या में युवक तेज आवाज में डीजे बजाकर नाच रहे थे। पुलिस ने सभी को डीजे बंद करने को कहा। युवकों ने डीजे बंद करने की बजाय पुलिस को ही गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर लात-घूंसे बरसाने लगे। टीम ने थाने में फोन कर मामले की सूचना ड्यूटी अधिकारी अयूब खान को दी।
एसआई अयूब खान मौके पर गए और युवकों को मारपीट करने से रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी भड़क गए और अयूब खान की वर्दी फाड़ दी। आरोपियों ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। घटना में एसआई कृष्ण, सिपाही मोहित और एसपीओ महाबीर को चोट आई है। मामला बढ़ता देख अयूब खान ने थाने से और पुलिसकर्मियों को बुलाया। पुलिस टीम के आने से पहले आरोपी फरार हो गए।
किराए पर लेकर पूल पार्टी कराता है संचालक
पुलिस की जांच में सामने आया कि अमन नाम के युवक ने स्वीमिंग पूल को किराए पर ले रखा है, वह अक्सर यहां देर रात तक पूल पार्टी कराता है। आसपास के सोसाइटी वाले भी पूल संचालकों से परेशान हैं। पुलिस ने विशाल, तुषार, रामाकांत, विष्णु शर्मा, कार्तिक गोयल, अंशु वत्स, मनीष गौड़, लक्की चौधरी, सार्थक, शशांक, आर्यन, महेश चहल, हिमांशु, गौरव यादव, आशु जिंदल, राघव, तुषार चुघ, नमन मित्तल व अन्य की पहचान की है। खेड़ीपुल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेन्द्र ने बताया कि तीन आरोपियों को काबू किया गया है। अन्य की तलाश में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस दबिश दे रही है।