Delhi: आतिशी ने CM रेखा को लिखी चिट्ठी, कहा- पुरानी गाड़ियों को बचाने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए सरकार
आप नेता आतिशी ने दिल्ली में 10-15 साल पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के फैसले को मिडिल क्लास पर हमला बताया। आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता से कानून बनाकर कार मालिकों की सुरक्षा की मांग की। 1 नवंबर की डेडलाइन से 60 लाख वाहन प्रभावित होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने पुरानी गाड़ियों को बचाने के लिए कानून लाने की मांग को लेकर सीएम रेखा गुप्ता को चिट्ठी लिखी है। आतिशी ने कहा कि दिल्ली की सड़कों से 10 साल पुरानी कारों को हटाना मिडिल क्लास पर सीधा हमला है। मिडिल क्लास सपने देखता है, कड़ी मेहनत करता है और बचत करके कार खरीदता है। एक नवंबर की तलवार अभी भी इन कार मालिकों के सिर पर लटकी हुई है। दिल्ली सरकार को तुरंत विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर मिडिल क्लास के कार मालिकों की सुरक्षा के लिए एक कानून पारित करना चाहिए। आम आदमी पार्टी इस कानून का पूरा समर्थन करेगी।
सरकार के फैसले के तहत 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को राष्ट्रीय राजधानी में स्क्रैप किया जाना है। यह प्रस्ताव 1 जुलाई से लागू किया गया था, लेकिन जनता के विरोध के चलते तुरंत वापस ले लिया गया। अब 1 नवंबर की एक नई डेडलाइन के साथ फिर से लोगों के सिर पर तलवार की तरह लटक रही है। यदि यह फैसला लागू होता है तो इसका असर राष्ट्रीय राजधानी के कम से कम 60 लाख वाहनों (20 लाख चार पहिया और 40 लाख दोपहिया) पर पड़ेगा।
आतिश ने सीएम से कहा है कि हो सकता है कि आप शासन में नई हों, लेकिन मैं आपको दिल्ली के लोगों की भावना समझाना चाहती हूं। एक मध्यवर्गीय परिवार के लिए वाहन खरीदना आज भी जीवन की एक बड़ी उपलब्धि होती है। वे वर्षों तक सपने देखते हैं, योजना बनाते हैं और पैसे बचाते हैं, ताकि एक कार खरीद सकें। कई लोग सेकंड हैंड कार खरीदते हैं।
आतिशी ने कहा कि कई वरिष्ठ नागरिक अपनी कारों का ध्यान रखते हैं, वह केवल डॉक्टर के पास या पास की मार्केट जैसी छोटी दूरी के लिए ही उपयोग करते हैं। कई महिलाएं कार को सुरक्षित माध्यम के रूप में देखती हैं। दिल्ली की सड़के असुरक्षित हैं। इसलिए ऑफिस जाने या बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए कार उपयोग करती हैं। एक झटके में 60 लाख वाहनों को हटाना इन सभी लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित करेगा। नई कार खरीदना अधिकतर लोगों के लिए संभव नहीं है।