Swati vs Bibhav: स्वाति के बाद अब बिभव कुमार ने दर्ज कराई शिकायत, लिखा- केजरीवाल को फंसाना था मालीवाल का मकसद
शिकायत के मुताबिक स्वाति मालीवाल मुख्यमंत्री आवास में जबरदस्ती दाखिल हुई थीं। उस वक्त मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने आवास में मौजूद नहीं थे।
विस्तार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार ने भी स्वाति मालीवाल के खिलाफ ई-मेल से शिकायत दी है। उन्होंने सिविल लाइंस के एसएचओ और उत्तरी जिले के डीसीपी को शुक्रवार को ई-मेल किया है। इसमें उन्होंने स्वाति मालीवाल पर उनके और सुरक्षाकर्मियों के साथ बदसलूकी करने को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है।
बिभव का कहना है कि स्वाति मालीवाल बिना किसी की अनुमति के जबरदस्ती मुख्यमंत्री आवास में घुस गई थीं। जब उनको आवास में मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोका तो उन्होंने उन सभी को धमकी दी। उनसे ऊंची आवाज में बहस की। मालीवाल के सभी आरोप निराधार हैं। शिकायत में यह भी लिखा कि स्वाति सीएम के ड्राइंग रूम में जबरदस्ती घुसी थीं। उन्होंने ने इसका विरोध किया और सामने खड़े हो गए। इस पर स्वाति ने उन्हें धक्का देने की कोशिश की। उनका इरादा मुख्यमंत्री केजरीवाल को फंसाने का था। हालांकि बताया जा रहा है कि बिभव की शिकायत पर अभी तक दिल्ली पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया है।
एमएलसी कराने को कहा तो नहीं गईं स्वाति
स्वाति जबरदस्ती मुख्यमंत्री केजरीवाल से मिलना चाहती थीं। अपने आरोपों के बाद मालीवाल थाने गई, लेकिन उन्हें जब एमएलसी कराने के लिए अस्पताल लेकर जाने को कहा गया तो उन्होंने जाने से मना कर दिया। वह अस्पताल नहीं गई।
स्वाति मालीवाल की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार ने स्वाति मालीवाल को कई बार लात और करीब सात-आठ थप्पड़ मारे। स्वाति जब मदद के लिए चिल्लाने लगीं तब भी बिभव नहीं रुके। स्वाति ने बताया कि वह लगातार मदद के लिए चिल्ला रही थीं लेकिन बिभव नहीं रुका। आरोप लगाया कि बिभव ने उनकी छाती, पेट और शरीर के निचले हिस्सों पर लात से हमला किया। स्वाति की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें उन्होंने बिभव कुमार को आरोपी बनाया था।