ताहिर को मुसलमान होने की सजा मिल रही है: अमानतुल्लाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएए के विरोध में उत्तर-पूर्वी दिल्ली मेें हुए दंगों के मामले में ताहिर हुसैन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होने के बाद सियासत गर्मा गई है। बृहस्पतिवार को इस मामले में आप-भाजपा और कांग्रेस में ट्वीट वार चला। आप विधायक अमानतुल्लाह खां ने ट्वीट कर कहा कि पूरा देश जानता है कि दंगों का मास्टर माइंड कौन है? असल दंगाइयों से अभी तक पुलिस ने पूछताछ तक नही की, मुझे लगता है कि ताहिर हुसैन को सिर्फ मुसलमान होने की सजा मिली है। इसके बाद अमानुतुल्लाह भाजपा व कांग्रेस के निशाने पर आ गए और उन्होंने भी ट्वीट कर पलटवार किया।
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने ट्वीट किया कि अमानतुल्लाह खान, दिल्ली पुलिस ने अभी तो ताहिर हुसैन को पकड़ा है तो इतनी बौखलाहट, तब क्या हाल होगा तुम्हारा, जब पर्दे के पीछे के असली किरदार पकड़े जाएंगे। चिंता मत करो, दिल्ली पुलिस ईमानदारी से कार्य कर रही हैं, दिल्ली जलाने वाले एक भी व्यक्ति को छोड़ेंगे नही। इसके बाद भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने लिखा कि फिर से दंगा भड़काने की साजिश तो नहीं हो रही।
भाजपा नेता तेजिंदर सिंह बग्गा ने ट्वीट कर कहा कि दंगे किसने कराए वो तो दिल्ली पुलिस कबूल करवा लेगी। तुम बस अपना ध्यान रखना। उधर, कांग्रेसी नेता अलका लांबा ने भी इस मामले में अमानतुल्लाह खान के बहाने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। अमानतुल्लाह खान के ट्वीट को टैग करते हुए उन्होंने लिखा कि एक बार दिल्ली के मुख्यमंत्री से ट्वीट करवा दो। दिल्ली को भी तो पता चले की आप सरकार भी यही सोचती है या नहीं? कपिल मिश्रा को भाजपा ने बाहर नहीं किया, केजरीवाल ने ताहिर हुसैन को किसके दबाव में बाहर किया? धोखा तो आप के अपनों ने दिया है।
सांसद संजय सिंह ने मजदूरों को विमान से गृह प्रदेश भेजा
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में फंसे 180 प्रवासी कामगारों को बृहस्पतिवार को विमान से बिहार के लिए रवाना किया। ट्विटर पर संजय सिंह ने इसका एक वीडियो भी पोस्ट किया है। उन्होेंने कहा है कि संकट के समय में सभी मजदूर परिवार के साथ रहें। उन्होेंने अपील की कि एक बार स्थिति सामान्य होने के बाद उन्हें दिल्ली लौटने की कोशिश करनी चाहिए।
संजय सिंह ने बुधवार को भी 34 मजदूरों को विमान से उनके गृह प्रदेश भेजा था। सांसद के लिए दिए जाने वाले हवाई यात्रा टिकट का उपयोग वह मजदूरों को गृह प्रदेश भेजने में कर रहे हैं।