{"_id":"66d500f314977f60460c9666","slug":"aap-bjp-engaged-in-manipulation-for-victory-in-ward-committee-elections-2024-09-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi : वार्ड समिति चुनाव में जीत के लिए जोड़ तोड़ में जुटीं आप-भाजपा, दोनों की नजर एक-दूसरे के पार्षदों पर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi : वार्ड समिति चुनाव में जीत के लिए जोड़ तोड़ में जुटीं आप-भाजपा, दोनों की नजर एक-दूसरे के पार्षदों पर
Mon, 02 Sep 2024 05:34 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 02 Sep 2024 05:34 AM IST
सार
दोनों दलों के नेता गुप्त रूप से एक-दूसरे पार्षदों से संपर्क साधकर अपने पक्ष में मतदान कराने की कोशिश कर रहे हैं। इतना ही नहीं, क्रॉस वोट न कर पाने की स्थिति में वोट रद्द करने का सुझाव दे रहे है।
विज्ञापन
एमसीडी मुख्यालय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एमसीडी की वार्ड समितियों के चुनाव में जीत के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी के पार्षदों के बीच जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो गई है। दोनों दलों के नेता गुप्त रूप से एक-दूसरे पार्षदों से संपर्क साधकर अपने पक्ष में मतदान कराने की कोशिश कर रहे हैं। इतना ही नहीं, क्रॉस वोट न कर पाने की स्थिति में वोट रद्द करने का सुझाव दे रहे है।
विज्ञापन
एमसीडी में 12 वार्ड समितियां हैं। भाजपा को सात वार्ड समितियों में बहुमत है। मगर उसने आप के बहुमत वाली तीन वार्ड समितियों में भी अपने नामांकन पत्र दाखिल करा रखे है। वहीं आप का पांच वार्ड समितियों में ही बहुमत है और उसने 11 वार्ड समितियों में पार्षदों के नामांकन पत्र दाखिल कराए है। इस तरह वार्ड समितियों के चुनाव लड़ रहे भाजपा व आप के पार्षदों ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए एक-दूसरे की पार्टी में अपने साथी पार्षदों से तालमेल करना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथी पार्षदों से दो प्रकार की अपील कर रहे है। एक ओर वह अपने पक्ष में मतदान का आग्रह कर रहे है। ऐसा न करने की स्थिति में वोट रद्द करने का सुझाव दे रहे है। वहीं वह उनको उनके वार्ड में कार्य कराने और बजट दिलवाने का वादा कर रहे हैं।
विज्ञापन
दूसरी ओर भाजपा व आप के वरिष्ठ पार्षद अपने पार्षदों को पार्टी के साथ बांधे रखने के लिए उनके साथ बैठकें कर रहे है। खास तौर पर भाजपा के पार्षद नरेला, सिविल लाइन व मध्य जोन में पार्षदों को जोड़े रखने में जुटे है, वहीं आप के पार्षद सभी वार्डों में पार्षदों को भाजपा से दूर रखने का प्रयास कर रहे है। दोनों दलोें के नेता अपने पार्षदों पर लगातार नजर रख रहे है।
विज्ञापन
आप ने भाजपा पर लगाया पार्षद का अपहरण करने का आरोप
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वार्ड समितियों के चुनाव को लेकर राजनीति गरमा गई है। आप नेताओं ने वार्ड संख्या 28 से पार्षद रामचंद्र का अपहरण करने का दावा करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया हैं। ऐसे में आप ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो साझा करते हुए दिल्ली में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। साथ ही दावा किया कि दबाव पड़ने के बाद भाजपा के लोगों ने पार्षद को किसी के माध्यम से उनके घर छोड़ दिया। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पार्षद रामचंद्र के बेटे आकाश की वीडियो को एक्स पर रीट्वीट करते हुए आरोप लगाया कि रामचंद्र को ईडी-सीबीआई की धमकियां दीं। जब वे नहीं डरे तो भाजपा के लोग उनको गाड़ी में उठाकर ले गए। पार्षद रामचंद्र ने आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार सुबह उनके घर पर 5-6 लोग आए और उन्हें अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद वे लोग भाजपा के कार्यालय पहुंचे। वहां पर उन्होंने कहा कि अगर वह इस तरह से करेंगे तो ठीक नहीं होगा।
आरोप निराधार : वीरेंद्र सचदेवा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप पार्षद रामचंद्र के आरोप को निराधार बताया है। सचदेवा ने कहा कि उनके पार्षद घर में बैठकर वीडियो बना रहे हैं कि उन्हें कोई ले गया है। ना ही उसमें किसी का नाम है, ना ही कहां ले गया है, इसकी जिक्र है। किन लोगों ने उनको घर पर छोड़ा है, उनका नाम तक नहीं है। सिर्फ मनगढ़ंत कहानियां बनाने का काम किया गया है। सचदेवा ने दिल्ली पुलिस से मांग की है कि आम आदमी पार्टी द्वारा जो वीडियो जारी किया गया है उसकी पूरी तरह से जांच की जाए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।