पत्नी के प्रेमी को मारने 1200 KM दूर से आया पति: ताबड़तोड़ हमले कर भागा नेपाल, 'पेपर' देख छोड़ी कुवैत की नौकरी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी मूलत: नेपाल के रहने वाला है और कुवैत में नौकरी करता था। उसकी पत्नी दिल्ली में नौकरी करती थी। एक दिन उसे पत्नी की ओर से तलाक के दस्तावेज मिले। वह नौकरी छोड़कर पहले नेपाल गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में नेपाल से आकर अपनी पत्नी के कथित प्रेमी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले साल नवंबर माह में मुकुंदपुर में रहने वाले युवक पर जानलेवा हमला कर नेपाल भाग गया था। आरोपी हमले में घायल युवक की मौत होने या जिंदा होने की जानकारी लेने के लिए दिल्ली आया था। जिंदा होने के बारे में जानकारी मिलने पर वह दोबारा हमला करने की योजना बना रहा था।
तलाक के पेपर देखकर छोड़ दी कुवैत में नौकरी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी मूलत: नेपाल के रहने वाला है और कुवैत में नौकरी करता था। उसकी पत्नी दिल्ली में नौकरी करती थी। एक दिन उसे पत्नी की ओर से तलाक के दस्तावेज मिले। वह नौकरी छोड़कर पहले नेपाल गया। फिर वह दिल्ली पहुंचा। जहां उसे पता चला कि फैक्टरी में काम करने वाली उसकी पत्नी का वहीं काम करने वाले एक युवक से अवैध संबंध है। उसने दिल्ली में पत्नी के घर के पास किराए पर रहकर पत्नी की हर गतिविधियों पर निगरानी रखी। सारी जानकारी हासिल करने के बाद 23 नवंबर 2024 को उसने मुकुंदपुर इलाके में पत्नी के कथित प्रेमी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके बाद वह नेपाल भाग गया।
बदले कई फोन नबंर और ठिकाने
मामले की छानबीन के दौरान आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच पड़ताल करने के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली। उसके बाद से पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए कई फोन नंबर बदलकर अपने ठिकाने बदलता रहा। दिल्ली पुलिस की एक टीम ने नेपाल सीमा पर 30 दिनों तक तलाशी अभियान भी चलाया।
दोबारा मारने आ रहा था दिल्ली
नेपाल के पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर उसकी तकनीकी निगरानी रखी गई। इस बीच दो दिन पहले पुलिस को आरोपी के दिल्ली आने की जानकारी मिली और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह पता लगाने के लिए दिल्ली आया था कि हमले में पीड़ित की मौत हो गई या फिर वह जिंदा है। जिंदा होने का पता लगने पर वह दोबारा हमला करने की साजिश रच रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित का अभी भी इलाज चल रहा है।