दिवाली पर घर में मचा कोहराम, सड़क किनारे खून से सना मिला युवक का शव, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दिवाली की रात उत्तराखंड के सितारगंज में एक युवा किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से घर में मातम छा गया। युवक का शव सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ मिला। परिजनों ने पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार परिजनों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है जबकि पुलिस इसे सड़क हादसे में हुई मौत मान रही है। वहीं मृतक के साथ उस वक्त जो दोस्त था वो भी फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक के पिता का अपराधिक इतिहास रह चुका है। मृतक का नाम संदीप सिंह उर्फ सोनू बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोनू का शव बाजार में ममता स्वीट्स के सामने सड़क पर खून से लथपथ हालत में मिला था। आनन फानन में लोग उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया। एसएसआई का कहना है कि यह हत्या है या हादसा इसकी अभी जांच की जा रही है। दोस्त को भी बुलाया गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।