हल्द्वानी-बागेश्वर में तेज बारिश से कई सड़कें बंद, भूस्खलन से महिला की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम विज्ञान ने मानसून के पहुंचने की घोषणा नहीं की है लेकिन बृहस्पतिवार को लगभग पूरे कुमाऊं में कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश ने मानसून की आहट जरूर दे दी है।
बारिश से कमजोर हुई पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से बागेश्वर जिले में एक महिला की मौत हो गई तो बागेश्वर-पिथौरागढ़ और नैनीताल में कई मोटर मार्ग बंद हो गए। हालांकि इनमें से कुछ सड़कों पर यातायात शाम तक सुचारु कर दिया गया।
तराई-भाबर में बारिश से कई स्थानों पर सड़कें तालाब बन गईं। नैनीताल में दिन में झमाझम बारिश के कारण सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
देवीधुरा-बोहरागांव मोटर मार्ग के साथ ही शाम को नैनीताल-कालाढूंगी मोटर मार्ग बजून व मंगोली के बीच एक बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया, जिसे देर शाम खोल दिया गया है।
बागेश्वर में चलकाना गांव निवासी किशन सिंह की पत्नी नंदी देवी (40) बृहस्पतिवार सुबह पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई। वह मवेशियों के लिए चारा लाने छुरिया के जंगल में गई थी। घास लेकर लौटते समय पहाड़ी से गिरा पत्थर उनके सिर पर लगा और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
साथी महिलाओं के सूचना देने पर पटवारी महेश सिंह ने मौका मुआयना किया। मृतका नंदी देवी के तीन बच्चे हैं। जिले में मलबा आने से बंद पड़ी जिले की चार सड़कों में से एकमात्र सामा-नौकौड़ी सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु हो सकी है।
कपकोट-कर्मी सड़क में छोटे वाहनों का संचालन शुरू हो गया है। जबकि, पिंडारी मार्ग और रिखाड़ी-बाछम सड़क बृहस्पतिवार को भी नहीं खुल सकीं। चंपावत जिला मुख्यालय में भी झमाझम बारिश हुई। भारी बारिश की चेतावनी के साथ ही जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
अल्मोड़ा में दिन के समय हल्की बारिश हुई। आने वाले दिनों में संभावित आपदाओं को देखते हुए देहरादून से छह सदस्यीय खोज एवं बचाव दल अल्मोड़ा पहुंच गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने आपदा संभावित राष्ट्रीय, राज्य और जिला मार्गों में 63 जेसीबी मशीनों तैनात कर दी हैं।
पिथौरागढ़ जिले में बारिश के दौरान आए मलबे से धारचूला-तवाघाट, थल-मुनस्यारी, क्वीटी-सैंणराथी, गुरना-गोगिना समेत कई मार्ग घंटों बंद रहे। मुनस्यारी के गोरीपार क्षेत्र को जोड़ने वाला जिमिघाट में बना लकड़ी का पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है।