पति ने मजाक में दी ऐसी धमकी कि पत्नी ने काट ली अपनी जीभ
रात में बहस के बाद सुबह जब पति ने नाराजगी जताई और छोड़ देने की धमकी दी तो पत्नी ने आत्मग्लानि में जीभ काट दी। आनन-फानन में पति ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
रुद्रपुर के खेड़ा वार्ड नंबर पांच निवासी राम अवतार और सोनम का चार साल पहले विवाह हुआ था। उनके दो बच्चे हैं। रविवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हो गई। इसके बाद सुबह तक दोनों ने एक दूसरे से बात नहीं की।
सोमवार सुबह जब रामअवतार तैयार होकर ऑफिस को निकलने लगा तो उसने सोनम द्वारा रात को की गई बहस पर दुख व्यक्त करते हुए बहुत जल्द ही उसे छोड़ देने की धमकी दे दी।
दोनों करते हैं एक दूसरे से प्यार
इतना सुनते ही सोनम पति को खोने के डर से सहम गई और सारा दोष अपनी जीभ का बताकर जीभ काट दी। इससे सोनम बुरी तरह लहूलुहान हो गई।
पति ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। राम अवतार का कहना है कि वह दोनों एक दूसरे से प्रेम करते हैं। बहस के बाद उसने मजाक में सोनम से उसे छोड़ देने की बात कही थी। इससे डरकर सोनम ने यह कदम उठा लिया।
चाकू के तेज वार से महिला की जीभ पूरी तरह कट गई है। हमने जीभ की सर्जरी कर दी है। फिलहाल महिला कितने दिनों बाद बोल पायेगी यह कहना मुश्किल है, लेकिन कुछ समय बाद महिला के बोलने की संभावना है।
- डॉ. यतेंद्र सिंह बृजवाल, सर्जन जिला अस्पताल रुद्रपुर