मोदी और सुषमा ने बदला पाकिस्तानी अवाम का नजरिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पाकिस्तान के वजीरे आला नवाज शरीफ की मुलाकात के बाद हुई विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की यात्रा से पाकिस्तानी आवाम में हिंदुस्तान को लेकर नजरिया बदला है। हाल के दिनों में पाकिस्तानी जनता के बीच हिंदुस्तान की दोस्ताना छवि बनी है।
पिरान कलियर में दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स में शिरकत करने आए पाकिस्तानी जायरीनों ने अमर उजाला से बातचीत में खुद इसकी तस्दीक की।
इनकी मानें तो 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद निजाम बदलने पर हिंदुस्तान को लेकर तमाम तरह के सवालात उनके मन में उठे। मगर पिछले कुछ दिनों से हिंदुस्तान पाकिस्तान के रिश्तों में एक ठहराव आया है।
मोदी-शरीफ मुलाकात और सुषमा की यात्रा ने बदली छवि
जत्थे की अगुवाई कर रहे पाकिस्तान गुजरावाला के रहने वाले रियाज साबरी कहते हैं कि नेताओं का एक बयान दोनों मुल्कों के बीच खटास पैदा कर देता है। उसी तरह बेहतर रिश्तों की नींव रखने के लिए भी उनका एक कदम काफी होता है।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मोदी शरीफ की मुलाकात से एक बार फिर दोनों मुल्कों के बीच दूरियां मिटने की शुरूआत हुई है। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की पाकिस्तान यात्रा से तो हालात और ज्यादा बदले हैं।
एक दूसरे की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ने से पाकिस्तानी नागरिकों में खुशी है। दोनों मुल्कों के बीच बेहतर रिश्तों का फायदा आवाम को ही मिलता है। जबकि तनातनी का खामियाजा भी किसी न किसी रूप में दोनों मुल्कों की जनता को ही झेलना पड़ता है।