Weather Today : देर रात चमोली में बादलों ने मचाई तबाही, उफान पर आए नाले, खौफ में लोग सो न सके
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार देर रात चमोली जिले के थराली में भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन हो गया। बारिश इतनी तेज थी कि गदेरे (नाले) उफान पर आ गए। यहां ग्रामीण अनहोनी की आशंका के चलते रात भर खौफ में रहे।
मलबा आने से थराली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर आवाजाही ठप हो गई है। जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है। गदेरों में पानी बढ़ने से ग्रामीणों के खेतों में भारी मलबा और बोल्डर आ गए, जिससे फसलें बर्बाद हो गई हैं।
यहां कई आवासीय भवनों को भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने डर से रात घरों के बाहर बिताई। जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया है। रुड़की में रात में हुई तेज बारिश के बाद कई जगह जलभराव हो गया। वज्रपात से रामनगर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फुंक गया है।
आज भी कुछ जगह तेज बारिश के आसार
प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार को भी तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र के अनुसार बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं। उन्होंने इन सभी इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
कुमाऊं क्षेत्र में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के एक से दो दौर हो सकते हैं।
लामबगड़ में दलदल में तब्दील हुआ हाईवे
बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में दलदल में तब्दील हो गया है। यहां बदरीनाथ धाम जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन फंस रहे हैं। बारिश होने पर चट्टान से भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ रहा है, जिससे हाईवे बेहद संकरा हो गया है।
यहां अलकनंदा साइट ट्रीटमेंट कार्य तो हो रहा है, लेकिन भूस्खलन वाली चट्टान पर कोई कार्य नहीं हुआ है, जिससे बारिश होने पर यहां भूस्खलन थम नहीं रहा है। एनएच के ईई जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मौसम सामान्य होने पर लामबगड़ में हिल साइड अटके मलबे का निस्तारण किया जाएगा।
यहां करीब तीन सौ मीटर नई सड़क का निर्माण अंतिम चरण में है, जिसके बाद यहां वाहनों की आवाजाही सुचारु हो जाएगी।
चमोली जिले में नौ सड़कें बंद, कई जगह पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त
चमोली जिले में भूस्खलन और बारिश से नौ संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को लंबी दूरी पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। सोमवार को बदरीनाथ हाईवे दिनभर सुचारु रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही होती रही। हाईवे पर पीपलकोटी और पाखी के बीच पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण ओएफसी (ऑप्टिकल फाइवर केबिल) क्षतिग्रस्त होने से जोशीमठ, दशोली और घाट क्षेत्र में दिनभर बीएसएनएल की सेवा ठप पड़ी रही।
घाट क्षेत्र के बिजार गांव में जल संस्थान की पेयजल लाइन अभी भी बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं, कर्णप्रयाग क्षेत्र के कनखुल, कर्णप्रयाग व नारायणबगड़ में भी पेयजल लाइनें दो दिन से क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि जिले में बंद पड़ी सड़कों को खोलने का काम शुरू कर दिया गया है।