उत्तराखंड में मौसम की मार से 'हारा' पर्यटन कारोबार
पहाड़ों पर हो रही बारिश और चमोली समेत दो जिलों में बादल फटने की घटना से कारोबार पर भी असर पड़ा है।
मसूरी में जहां 25 फीसदी होटलों की एडवांस बुकिंग कैंसिल हो गई है। वहीं तीर्थनगरी ऋषिकेश में श्रद्धालुओं की आमद 15 फीसदी तक गिर गई है। यही हाल दून का भी है।
होटल व्यवसायी इसके पीछे बड़ी वजह इलेक्टॉनिक और सोशल मीडिया पर उत्तराखंड की बारिश को काफी बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना मान रहे हैं। उधर जीएमवीएन के अधिकारियों का कहना है कि पर्यटकों की आमद कम होने की वजह स्कूलों की छुट्टियां खत्म होना है।
उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी ने दावा किया कि भारी बारिश की चेतावनी के चलते मसूरी-नैनीताल और अन्य स्थानों की ऑन लाइन बुकिंग कैंसिल हो गई। इससे होटल व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। बीते दिन नगर से करीब तीन से चार हजार पर्यटक वाहनों की वापसी हुई है।
हालांकि इनमें से कई स्कूली छुट्टी खत्म होने की वजह से वापस हुए हैं। रविवार को मौसम खुशनुमा होने पर काफी संख्या में पर्यटक दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब के शहरों से आए हुए हैं। उधर तीर्थनगरी में पंजाब एंड सिंध क्षेत्र धर्मशाला में 30 जून से पहले रोजाना 250 से 300 यात्री पहुंच रहे थे।
अब यह संख्या घटकर 50 से 75 के बीच रोजाना रह गई है। होटल व्यवसायी संदीप गुप्ता का कहना है कि 2013 में आई आपदा के बाद इस साल यात्रा अच्छी चल रही थी। पर यहां की खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने से यात्रियों की संख्या में काफी कमी आई है। ऑन लाइन एंडवास बुकिंग वाले यात्री अपनी बुकिंग रद्द करा रहे हैं।
गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंधक आरएस नौटियाल का भी कहना है कि आपदा से चार धाम यात्रा ज्यादा प्रभावित नहीं हुई है। स्कूल, कॉलेज खुलने से पर्यटकों का यहां आना कम हुआ है। यही वजह है कि 15 प्रतिशत पर्यटकों का आवास गृह में आना कम हुआ है।
पहुंचने वाले तीर्थयात्री
एक सप्ताह में बदरीनाथ पहुंचने वाले तीर्थयात्री
27 जून 2643 यात्री
28 जून 3408 यात्री
29 जून 2068 यात्री
30 जून 2474 यात्री
1 जुलाई 1791 यात्री
2 जुलाई 114 यात्री
3 जुलाई 255 यात्री
एक सप्ताह में हेमकुंड पहुंचने वाले तीर्थयात्री
27 जून 2435 यात्री
28 जून 2054 यात्री
29 जून 1745 यात्री
30 जून 2235 यात्री
1 जुलाई 1658 यात्री
2 जुलाई 68 यात्री
3 जुलाई 154 यात्री
मसूरी में मौसम खुशनुमा
पर्यटन नगरी का मौसम रविवार को खुशनुमा रहा। मसूरी की तलहटी में देहरादून कोहरे की सफेद चादर से ढका नजर आया। इसे देखने के लिए मालरोड पर काफी पर्यटक उमड़े। आज पूरे दिन धूप खिली रही और लोगों ने राहत की सांस ली। सैलानियो ने भी खुशगवार मौसम का लुत्फ उठाया।
Published By : Nirmala Suyal