रुड़की: डिप्टी कमिश्नर को गांव वालों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, अधमरी हालत में हायर सेंटर रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाणिज्यकर विभाग में संविदा पर तैनात ड्राइवर की गंगा में डूबने से हुई मौत से गुस्साए परिजनों और अन्य लोगों ने कार्यालय से बाहर निकल रहे डिप्टी कमिश्नर पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावर उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए। इतना ही नहीं घायल डिप्टी कमिश्नर को देखने अस्पताल पहुंचे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की भी जमकर पिटाई की गई। डिप्टी कमिश्नर की हालत बिगड़ते देख डाक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को देर शाम तक मामले में तहरीर नहीं मिल पाई है। कोतवाली प्रभारी कमल कुमार लुंठी ने बताया कि बुधवार को देर शाम गणेशपुर पुल के पास वाणिज्यकर विभाग में संविदा पर तैनात ड्राइवर विक्रम कारगी ने गंगनहर में छलांग लगा दी थी।
प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर किया हमला
जल पुलिस ने ड्राइवर को बाहर निकाल लिया था, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और वाणिज्य कर विभाग के कई कर्मचारी भी अस्पताल पहुंच गए।
बताया गया है कि यहां किसी ने परिजनों को यह जानकारी दी कि डिप्टी कमिश्नर ड्राइवर को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिसके चलते उसने आत्महत्या की है। इतना सुनते ही परिजन और आस पड़ोस के लोग आग बबूला हो गए।
सुबह परिजन और पड़ोस के लोग वाणिज्य कर दफ्तर पहुंच गए। तब डिप्टी कमिश्नर रोहित श्रीवास्तव कार से निकल ही रहे थे कि हमलावरों ने उन्हें पकड़ लिया और लात घूसों से उनकी पिटाई कर दी।
अन्य अफसरों से भी की मारपीट
हमलावर तब तक मारपीट करते रहे, जब तक वह जमीन पर नहीं गिर पड़े। बाद में हमलावर उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़ कर फरार हो गए। जाते वक्त हमलावरों ने डिप्टी कमिश्नर की कार को भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल कमिश्नर को अस्पताल भिजवाया गया।
घटना के संबंध में जानकारी लेने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र रावत अस्पताल पहुंचे। उस वक्त मृतक के परिजन भी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने आए थे। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के अस्पताल में होने की सूचना मिलने पर मृतक के परिजनों और अन्य लोगों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को भी जमकर पीटा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर किसी तरह स्थिति को संभाला, साथ ही हमले के आरोपी दो लोगों को हिरासत में ले लिया। देर शाम तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी। कोतवाली प्रभारी कमल कुमार लुंठी ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।