भाजयुमो नेताओं ने मेयर सुनील उनियाल गामा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बल्लूपुर चौक से पंडितवाड़ी तक वेंडिंग जोन बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण बहुत से लोग रोजगार गंवा चुके हैं। निगम को ऐसे लोगों की मदद करनी चाहिए।
बुधवार को भाजयुमो नेता राजेश रावत की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल मेयर सुनील उनियाल गामा से मिला। उन्होंने कहा कि रोजगार गंवाने से ज्यादातर परिवारों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे लोगों को स्वरोजगार के अवसर देकर निगम उनकी मदद कर सकता है। कहा कि वेंडिंग जोन बनने से जहां बेरोजगारों को रोजगार मिल सकेगा, वहीं उस इलाके की सुंदरता में भी इजाफा होगा। उस इलाके में सड़क भी पर्याप्त चौड़ी है, जिससे जोन बनने से किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। इस दौरान अंकित अग्रवाल, धीरज बिष्ट, पंकज रावत, बाबू भाई समेत अन्य मौजूद रहे।