विकासनगर: खतरे के निशान पर पहुंची यमुना नदी, प्रशासन सतर्क, पत्थर मलबा गिरने से छह मोटर मार्ग रहे बंद
पहाड़ी क्षेत्रों और पछवादून में लगातार हो रही भारी बारिश से यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। वहीं, पत्थर, मिट्टी और मलबा गिरने से छह मोटर मार्ग बंद होने के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दो दिनों से पहाड़ी क्षेत्रों व पछवादून में हो रही भारी बारिश से मंगलवार को यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया। नदी में पानी बढ़ने के साथ ही तहसील प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया। उधर टौंस नदी में अभी जलस्तर सामान्य है। इसके अतिरिक्त पछवादून व जौनसार बावर क्षेत्र में पहाड़ों से पत्थर, मिट्टी व मलबा गिरने के कारण छह मोटर मार्गों पर यातायात ठप रहा।
क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण यमुना नदी में पानी का स्तर बढ़ गया है। बताते चलें यमुना नदी में खतरे का स्तर 455.37 मीटर पर है, जबकि फिलहाल नदी में पानी खतरे के स्तर 455.37 मीटर पर पानी बह रहा है। डाकपत्थर बैराज से 368.36 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके अलावा टौंस नदी में खतरे का स्तर 644.75 मीटर पर है और नदी में 644.65 मीटर पर पानी बह रहा है। नदी पर बने इच्छाड़ी बांध से 261.91 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया है।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड मौसम: भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, दो एनएच समेत 172 सड़क बंद; आपदा में अब तक 54 लोगों की मौत
उधर पहाड़ों से गिर रहे पत्थर व मलबे के कारण पछवादून और जौनसार बावर के छह मोटर मार्ग बंद रहे। जिनमें लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड देहरादून का बाढ़वाला-जुड्डो मोटर मार्ग, पीएमजीएसवाई कालसी का बाढ़वाला-जुड्डो मोटर मार्ग, मैंद्रथ-कथियान-बिरनाड़ मोटर मार्ग, लोक निर्माण विभाग अधिशासी खंड साहिया का शहीद सुरेश तोमर मोटर मार्ग, समरसेंज मोटर मार्ग, बेसोगिलानी से जोशी-हमरौ मोटर मार्ग शामिल हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी ने बताया कि बंद मोटर मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई है। शीघ्र ही यातायात को सुचारू करा लिया जाएगा।