उत्तराखंडः तुंगनाथ जा रहे पर्यटक माेबाइल से खींच रहे थे सेल्फी, आसमानी बिजली गिरी, एक का सिर फटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में चोपता से तुंगनाथ जा रहे चार पर्यटक आसमानी बिजली की चपेट में आने से घायल होकर बेहोश हो गए। इस दौरान वापस लौट रहे कुछ लोगों की सूचना पर चोपता के व्यापारी मौके पर पहुंचे और घायलों को बाजार तक लाया गया।
उत्तराखंड में देर रात बदला मौसम, केदारनाथ और बदरीनाथ में हुई ताजा बर्फबारी, तस्वीरें
साथ ही ऊखीमठ तहसील प्रशासन और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पर्यटकों में दो लोग गाजियाबाद, एक बुलंदशहर व एक रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला है। शनिवार को अपराह्न तीन बजे के बाद गाजियाबाद निवासी मयंक शर्मा (27) पुत्र जितेंद्र शर्मा व उसका भाई सतीश शर्मा (25), देवेंद्र सिंह (25) पुत्र भोला सिंह, निवासी बुलंदशहर और दिनेश सिंह (27) पुत्र मदन सिंह, निवासी चंद्रापुरी-भटवाड़ी, जिला रुद्रप्रयाग, चोपता से तुंगनाथ के लिए रवाना हुए।
शाम लगभग साढ़े चार बजे शाम ये लोग भुगजली पहुंचे। तभी वहां मौसम खराब होने के साथ ही आसमान में बादलों की गर्जना होने लगी। इस बीच एक पर्यटक अपने मोबाइल से फोटो खींचने लगा। तभी जोरदार आवाज के साथ आसमानी बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से चारों पर्यटक घायल हो गए। जबकि मोबाइल जलकर कोयला समान हो गया।
सिर पर गंभीर चोट आई
इस घटना में देवेंद्र सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई। जबकि मयंक को हल्की चोट लगी। इस दौरान चंद्रशिला, तुंगनाथ से वापस लौट रहे कुछ पर्यटकों ने चोपता पहुंचकर व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र मैठाणी व अन्य को सूचना दी, जिस पर वे लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता से चारों पर्यटकों को चोपता लाए।
साथ ही पुलिस व प्रशासन को घटना की जानकारी दी। शाम साढ़े पांच बजे ऊखीमठ से प्रभारी थानाध्यक्ष राखी बिष्ट, तहसीलदार जयवीर राम बधाणी और राजस्व उप निरीक्षक जगदंबा डिमरी और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचे। चोपता से चारों लोगों को आधे रास्ते तक निजी वाहन व बाद में 108 से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में भर्ती किया गया।
जहां घायलों का इलाज किया गया। डॉक्टर विकास ने देवंद्र सिंह के सिर के पीछे की तरफ चोट लगने से गहरा घाव हुआ था, जिस पर पांच टांके लगे हैं। अन्य तीनों लोग पूरी तरह से सामान्य हैं। तहसीलदार जयवीर राम बधाधी ने बताया कि आसमानी बिजली की चपेट में आने से चारों पर्यटक बेहोश हो गए थे, जिसमें दो को चोट लगी। जबकि दो सामान्य हैं। इस दौरान मोबाइल भी जल गया था।