उत्तराखंड: मसूरी में गलोगीधार के पास मलबा आने से लगा जाम, बदरीनाथ धाम जाने वाला मार्ग हुआ क्षतिग्रस्त
Uttarakhand Weather Forecast: मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में कुमाऊं क्षेत्र के पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं। कई जिलों में भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गुरुवार तड़के झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना तो हो गया। लेकिन दून में कई जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कें तालाब बन गईं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसके बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। इसके साथ ही राज्य के अधिकतर इलाकों में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना है। हरिद्वार में मौसम साफ है। मसूरी में घना कोहरा छाया हुआ है।
नरसिंह मंदिर मार्ग भूस्खलन के चलते क्षतिग्रस्त हुआ बदरीनाथ हाईवे
वहीं बदरीनाथ धाम जाने वाला नरसिंह मंदिर मार्ग भूस्खलन के चलते क्षतिग्रस्त हो गया है। बदरीनाथ जाने वाले सभी वाहन मुख्य बाजार से होकर गुजर रहे हैं। बाकी अन्य धामों को जाने वाले सभी मार्गों पर यातायात सुचारू है।
कुमाऊं क्षेत्र के पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश के आसार
मानसून की विदाई की बेला में राज्य के मैदानी व पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में कुमाऊं क्षेत्र के पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश के आसार है। कई जिलों में भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। गढ़वाल क्षेत्रों के पर्वतीय इलाकों में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।
उत्तराखंड: यमुनोत्रीधाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, बागेश्वर में बिजली गिरने से तीन महिलाएं समेत चार झुलसे
राजधानी देहरादून व आसपास के इलाकों में तेज बौछारों के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। जहां तक राजधानी दून व आसपास के इलाकों का सवाल है तो मौसम विज्ञानियों के मुताबिक राजधानी दून व आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटे के भीतर कई दौर की बारिश की संभावना है।
गलोगीधार के पास फिर आया मलबा, लगा जाम
मसूरी में गलोगीधार के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने से सड़क फिर बाधित हो गई, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के बार-बार बंद होने से पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान हैं। बृहस्पतिवार को सड़क तीन बार बंद हुई।
मसूरी-देहरादून मार्ग गलोगीधार के पास बार-बार मलबा और पत्थर आने से बंद हो रहा है, इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग खुलने तक घंटों लोगों को वाहनों में ही बिताने पड़ते हैं। बृहस्पतिवार को भी मार्ग तीन बार बंद होने से पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान रहे। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग खोलने के लिए दो जेसीबी मशीनें तैनात की हैं।
मौके पर पुलिस भी तैनात है। पिछले एक माह में एक दर्जन से अधिक बार सड़क बंद हो चुकी है। पहाड़ी से बार बार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे रात्रि में चलने वाले वाहनों को खतरा बना हुआ है। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता पुष्पेन्द्र कुमार खैरा ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए दो जेसीबी मशीनों को तैनात किया है। ताकि, सड़क को जल्द खोला जा सके।