उत्तराखंड: मानसून के बाद भी अभी झेलनी होगी भीषण गर्मी, बदरीनाथ हाईवे पर एक घंटे लगा जाम
वैसे तो आसमान में बादल छाए रहते हैं, लेकिन बादलों के बावजूद गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मौसम के बदले मिजाज ने मौसम विज्ञानियों के साथ ही आमजन को चौंका दिया है। राज्य में मानसून के दस्तक देने के बावजूद पहाड़ से लेकर मैदान तक झमाझम बारिश की जगह जबरदस्त गर्मी पड़ रही है।
वैसे तो आसमान में बादल छाए रहते हैं, लेकिन बादलों के बावजूद गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग की ओर से जारी की रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटे में जहां पर पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगहों पर गर्जना के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
वहीं देहरादून, ऊधमसिंहनगर, हरिद्वार जैसे मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना न के बराबर है। देहरादून व आसपास के इलाकों में रविवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री होने से लोगों को जबरदस्त गर्मी का सामना पड़ा।
रही-सही कसर वातावरण में मौजूद आर्द्रता ने पूरी कर दी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक देहरादून में अधिकतम 81 फीसदी आर्द्रता दर्ज की गई। मौसम विभाग से जुड़ी कई वेबसाइटों पर नजर डालें तो अगले चार दिनों तक यानी एक जुलाई तक देहरादून व आसपास के इलाकों में जबरदस्त गर्मी पड़ने के पूरे आसार हैं। रिपोर्ट के मुताबिक एक जुलाई के बाद ही बारिश की संभावना है।
हाथी पहाड़ से गिरे बोल्डर, बदरीनाथ हाईवे पर एक घंटे लगा जाम
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मारवाड़ी के समीप सोमवार को अचानक हाथी पहाड़ से बोल्डर छिटककर हाईवे पर आ गए। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने बदरीनाथ धाम की ओर जा रहे वाहनों को मारवाड़ी पुल और जोशीमठ की ओर आ रहे वाहनों को विष्णुप्रयाग में ही रोक लिया। हाईवे पर बोल्डर गिरने से करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही थमी रही। हालांकि अब भी चट्टान से बोल्डरों के हाईवे पर गिरने की आशंका बनी हुई है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से मारवाड़ी और विष्णुप्रयाग में पुलिस टीम तैनात है।
सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे चटख धूप में अचानक हाथी पहाड़ से बोल्डर मलबे के साथ हाईवे पर आ गए और इस दौरान पहाड़ी पर धूल के गुब्बार उठने लगे। जोशीमठ नगर से जब लोगों ने इस मंजर को देखा तो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। बोल्डर इतनी तेज गति से गिरे कि हाईवे पर गड्डा करने के बाद वे अलकनंदा में जा गिरे।
सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने वाहनों को हाईवे के दोनों ओर से रोक लिया, जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई। इस दौरान करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही भी रुकी रही। सूचना मिलने पर बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शीघ्र जेसीबी की मदद से हाईवे पर पड़े बोल्डरों को हटाया गया और अपराह्न एक बजे तक वाहनों की आवाजाही सुचारु की गई।