उत्तराखंड: प्रदेश को जल्द मिलेंगे दो बड़े संस्थान, सीएम धामी के दिए प्रस्तावों पर केंद्र सरकार का आश्वासन
केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर केंद्रीय संस्थानों पर विचार का आश्वासन दिया।
विस्तार
उत्तराखंड को जल्द ही शिक्षा व आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में दो बड़े संस्थान मिलेंगे, साथ ही एक सड़क को नेशनल हाईवे का दर्जा मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक आश्वासन दिया है।
सीएम धामी ने केंद्र सरकार को प्रदेश में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) व ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) खोलने और उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का प्रस्ताव दिया था।
केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर केंद्रीय संस्थानों पर विचार का आश्वासन दिया। कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान श्रीनगर, केंद्रीय विश्वविद्यालय हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर, भारतीय प्रबंधन संस्थान काशीपुर संचालित हैं।
केंद्र सरकार राज्य के साथ मिलकर इन केंद्रीय संस्थानों के विस्तार के लिए प्रयासरत है, जिससे उन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विकसित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आभार व्यक्त किया है।
उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 24 पीसीएस अफसरों के तबादले, दून में तीन एसडीएम की तैनाती, देखें पूरी सूची
उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मार्ग एनएच होगा घोषित
मुख्यमंत्री ने बीते अगस्त में केंद्र सरकार से उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध किया था। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि विगत 12 वर्षों में उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई 2,282 किलोमीटर से बढ़कर 3,670 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा से संबंधित नीति को अंतिम रूप दिए जाने के पश्चात इस मार्ग के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव दिया था। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मुख्यमंत्री को अवगत बताया है कि केंद्रीय वित्त मंत्री की बजट-2026 में तीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा पर कैबिनेट सचिवालय ने राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। उत्तराखंड से भी प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, जिस पर निर्धारित प्रक्रिया एवं लागू मानदंडों के अनुसार विचार किया जाएगा।