उत्तराखंड: वरिष्ठ आईएएस अफसर ओम प्रकाश बने प्रदेश के नए मुख्य सचिव, आदेश जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी ओम प्रकाश राज्य के नए मुख्य सचिव बनाए गए है। वह मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रहे उत्पल कुमार सिंह के स्थान पर शुक्रवार शाम पांच बजे विधिवत कार्यभार ग्रहण करेंगे। अपर मुख्य सचिव (कार्मिक एवं सतर्कता) राधा रतूड़ी ने बृहस्पतिवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी किया।
नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद ओम प्रकाश मुख्यमंत्री के आवास गए और सीएम को पुष्प गुच्छ देकर आभार व्यक्त किया। मुख्य सचिव नियुक्त हुए ओम प्रकाश को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबियों में माना जाता है। उनका सीएम के साथ काम करने का पुराना अनुभव है। जब रावत कृषि मंत्री थे, तब ओम प्रकाश सचिव कृषि थे। वर्तमान में वह अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री का दायित्व देख रहे थे।
इसके अलावा उनके पास तकनीकी शिक्षा, खनन समेत कई अहम विभाग भी थे। उत्पल कुमार के सेवानिवृत्त होने से नए मुख्य सचिव को लेकर हालांकि तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया था कि वरिष्ठता के आधार पर दो अपर मुख्य सचिवों में से एक को मुख्य सचिव बनाया जाएगा। बुधवार को कैबिनेट बैठक के दौरान उन्होंने ओम प्रकाश को मुख्य सचिव बनाए जाने के संकेत भी साफ कर दिए थे।
पढ़ें आईएएस अफसर ओम प्रकाश प्रोफाइल
14 मई 1962 को जन्मे वरिष्ठ आईएएस अफसर ओम प्रकाश मूल रूप से बौंसी, जिला बाँदा (बिहार) के रहने वाले हैं।
प्रोफेशन प्रोफाइल
-1987 बैच के आईएएस अफसर।
-1985 तक इनकम टैक्स में जॉब।
-ट्रेनिंग जौनपुर यूपी।
-एसडीएम-खुर्जा बुलंदशहर।
- सीडीओ-फतेहपुर भी रहे।
-डीएम-मऊ, गाजीपुर, बांदा, हाथरस और देहरादून रहे।
-सेक्रेटरी- फाइनेंस और इंडस्ट्री को छोड़ सभी डिपार्टमेंट में रहे।
-2012 में प्रमुख सचिव बने।
-2017 में अपर मुख्य सचिव बने।
एजुकेशन प्रोफाइल
-बीएससी फिजिक्स-ऑनर्स। पटना साइंस कॉलेज से।
-एमएससी-थेऔरोटिकल फिजिक्स। सेंट स्टीफेंस कॉलेज, दिल्ली यूनिवर्सिटी।
-एम फिल-सीएसआईआर फ़ेलोशिप।
अब तक रहे उत्तराखंड के मुख्य सचिव
1. अजय विक्रम सिंह
2. मधुकर गुप्ता
3. डॉ. आरएस टोलिया
4. एम. रामचंद्रन
5. एसके दास
6. इंदु कुमार पांडे
7. नृप सिंह नपलच्याल
8. सुभाष कुमार
9. आलोक कुमार जैन
10. सुभाष कुमार
11. एन.रविशंकर
12. राकेश शर्मा
13. शत्रुघ्न सिंह
14. एस रामास्वामी
15. उत्पल कुमार सिंह
पीएम और सीएम की प्राथमिकताओं पर होगा काम: ओम प्रकाश
मुख्य सचिव की भूमिका में ओम प्रकाश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की प्राथमिकता वाली योजनाओं पर खास फोकस करेंगे। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया।
उन्होंने कहा कि चारधाम आलवेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य व वाह्य साहयतित योजनाओं के तहत अवस्थापनाओं के कार्यों को समय से पूरा कराया जाएगा। कोविड-19 महामारी और अनलॉक के दौर में राज्य के समक्ष चुनौतियों के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इस दिशा में सरकार के स्तर पर प्रयास चल रहे है।
प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत का आह्वान किया है। इस दिशा में तेजी से प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री की स्वरोजगार योजना के तहत राज्य के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य का बेहतर से बेहतर वातावरण बनाने पर जोर रहेगा।
कृषि और उद्यानिकी को सर्वोच्च प्राथमिकता
नए मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने कहा कि वह कृषि और उद्यानिकी के क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। राज्य सरकार ने खेती को स्वरोजगार से जोड़ने की कई योजनाएं बनाई हैं, जिन्हें लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
चुनौतियां भी कम नहीं
अनलॉक की ओर बढ़ रहे उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी, लोकशाही और नौकरशाही के रिश्तों में आ रही कड़वाहट का मिटाना, मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाना, आय के संसाधनों में बढ़ोतरी के रास्ते ढूंढना ताकि विकास कार्यों को जारी रहें।