दशमोत्तर छात्रवृत्ति घोटाला : एसआईटी जांच के दायरे में आए बाहरी राज्यों के समाज कल्याण अधिकारी
- दलालों व कॉलेजों से सांठगांठ कर फर्जी तरीके से छात्रवृत्ति देने का आरोप
- जसपुर थाने में 3 संस्थानों पर दर्ज केसों की जांच काशीपुर सीओ को
- कुंडा थाने में दर्ज दो मुकदमों की जांच बाजपुर सीओ को सौंपी गई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दशमोत्तर छात्रवृत्ति घोटाले की जांच के दायरे में बाहरी राज्यों के समाज कल्याण अधिकारी भी आ गए हैं। जसपुर थाने में तीन शैक्षिक संस्थानों पर दर्ज मुकदमों की जांच काशीपुर सीओ और कुंडा थाने में दर्ज हुए दो मुकदमों की जांच अब बाजपुर सीओ को सौंप दी गई है।
इन मुकदमों में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता उजागर हुई है। अधिकारियों पर दलालों और कॉलेजों के साथ सांठगांठ कर फर्जी तरीके से छात्रवृत्ति देने का आरोप है। उल्लेखनीय है कि बाहरी राज्यों के 303 शैक्षिक संस्थानों में एससी, एसटी और ओबीसी के 3024 छात्रों को प्रवेश दिखाकर छात्रवृत्ति बांट दी गई।
अगस्त 2019 से शुरू हुई एसआईटी जांच में अब तक 2700 छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। इसमें 1400 पात्र छात्र-छात्राएं सामने आए, जबकि 1200 छात्रों को बिना दाखिले के करोड़ों रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। 100 ऐसे छात्र-छात्राएं मिले जिनके जिनका नाम केवल सूची में शामिल है।
छह शैक्षिक संस्थानों पर आज होगा मुकदमा
एसआईटी इन छात्र-छात्राओं को अभी तक नहीं ढूंढ पाई है। परत-दर परत नए खुलासे होने के बाद एसआईटी अब तक बाहरी राज्यों के 37 शैक्षिक संस्थानों और 50 से अधिक दलालों पर मुकदमा दर्ज कर चुकी है। 24 दलालों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा जा चुका है।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया जसपुर और कुंडा में दर्ज मुकदमों की जांच में पांच समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता मिली है। इनकी जांच सीओ काशीपुर व बाजपुर को दे दी है।
उन्होंने बताया कई ऐसे शैक्षिक संस्थान और सामने आ सकते हैं जिनमें समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत हुई। बताया बाहरी राज्य के शैक्षिक संस्थानों की जांच को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जिले की जांच शुरू होगी।
बाहरी राज्य के छह शैक्षिक संस्थानों के खिलाफ बृहस्पतिवार को छह मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। इन संस्थानों में लोटस इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट बरेली, श्री आदर्श कालेज ऑफ इंस्टीट्यूट, राजस्थान, लाल राधेश्याम कॉलेज बिजनौर, डॉ. बीएनसीपीई इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन महाराष्ट्र, स्व. ईश्वर भाव देशमुख शिक्षण संस्थान महाराष्ट्र, अभिलाषी पीजी कॉलेज ऑफ एजुकेशन हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।