उत्तराखंड: पर्यटन विभाग की स्वरोजगार योजना के लिए अब यहां करें ऑनलाइन पंजीकरण
- घर बैठे कर सकेंगे आवेदन, कार्यालय के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
- ऑनलाइन सिस्टम से आवेदन पत्रों की सही समय पर होगी निगरानी
- इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर मिलेगी 15 लाख तक सब्सिडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पर्यटन विभाग की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की गई है। ऑनलाइन सिस्टम से घर बैठे आवेदन किया जा सकेगा। इससे आवेदकों को कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेगी। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत इलेक्ट्रिक बस खरीदने पर 50 प्रतिशत या 15 लाख तक सब्सिडी मिलेगी।
कोरोना महामारी को देखते हुए प्रदेश सरकार का युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर फोकस है। स्वरोजगार की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना और पंडित दीन दयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की है। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना में तहत बेरोजगार प्रदेश के भीतर विभिन्न मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें खरीद कर रोजगार शुरू कर सकते हैं। बसों का संचालन परिवहन निगम के निर्धारित रूटों के साथ ही अंतर नगरीय क्षेत्रों में किया जाएगा।
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना में इलेक्ट्रिक बसों के अलावा अन्य वाहनों की खरीद पर पूर्व की भांति 25 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। वहीं, गैर वाहन मद में आवेदकों को पर्वतीय क्षेत्रों में 33 प्रतिशत या 15 लाख और मैदानी क्षेत्रों में 25 प्रतिशत या 10 लाख तक सब्सिडी दी जा रही है। होम स्टे के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 33 प्रतिशत या 10 लाख और मैदानी क्षेत्रों में 25 प्रतिशत या अधिकतम सात लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी।
यहां करें आवेदन
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना और होम स्टे योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पर्यटन विभाग की वेबसाइट http://vcsgscheme.uk.gov.in पर किया जाएगा। स्वरोजगार शुरू करने का इच्छुक कोई भी व्यक्ति घर बैठे आवेदन कर सकता है।
ऑनलाइन आवेदन करने की व्यवस्था लागू होने से योजना में पारदर्शिता आएगी और घर बैठे लोग आवेदन कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और योजना की रियल टाइम में मानीटरिंग हो सकेगी। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली और होम स्टे योजना के लिए अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
-दिलीप जावलकर, सचिव पर्यटन विभाग