उत्तराखंड निकाय चुनाव: 2 दिसंबर को होगा शपथ ग्रहण, 1148 नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि लेंगे शपथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के 84 निकायों में दो दिसंबर रविवार को शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसी दिन गठन के साथ ही निकायों के बोर्ड की पहली बैठक होगी। बैठक आरंभ होने से पूर्व निकायों में मेयर, अध्यक्ष, पार्षद और सभासद पदों पर निर्वाचित 1148 जनप्रतिनिधि अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेेंगे। मंगलवार को शहरी विकास विभाग ने इसका शासनादेश जारी कर दिया है।
अपर सचिव (शहरी विकास) भूपाल सिंह मनराल द्वारा जारी शासनादेश में बोर्ड की बैठक और शपथग्रहण कराए जाने की सूचना गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्तों और जिलाधिकारियों को भेज दी गई है। उन्हें नगर निकायों के नगर आयुक्तों और अधिशासी अधिकारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न कराने को निर्देश देने को कहा गया है। 20 नवंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित हुए थे।
तब से सबको नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की शपथ का इंतजार हो रहा था। इससे पूर्व सोमवार को राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना के बाद शहरी विकास विभाग ने भी निकायों में बोर्ड का गठन कराए जाने की स्वीकृति की अधिसूचना जारी कर दी थी। मंगलवार को उत्तराखंड की सभी नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों के बोर्ड के विधिवत गठन की स्वीकृति की अधिसूचना जारी की गई।
तथ्यों की नजर में निकाय चुनाव
18 नवंबर को नगर निकाय के चुनाव के लिए मतदान हुआ था
20 नवंबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित हुए
34 निकायों के मेयर और अध्यक्ष पद पर भाजपा को जीत मिली
25 निकायों में मेयर और अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की
24 निकायों के मेयर और अध्यक्ष पद पर निर्दलियों का कब्जा रहा
1064 पार्षद और सभासद पदों के लिए भी मतदान हुआ था
551 पाषर्द और सभासद पदों पर निर्दलियों ने कब्जा जमाया
323 पार्षद और सभासद पद पर भाजपा ने जीत दर्ज की
182 पार्षद और सभासद पद पर कांग्रेस विजयी रही
08 पदों पर बसपा (4), आप (2) यूकेडी व एसपी (1-1) पद पर जीती